Monkeypox Cases In India: देश में मंकीपॉक्स के दूसरे केस की हुई पुष्टि, केरल में ही मिला दूसरा मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 18, 2022, 05:42 PM IST

Monkeypox Cases In Kerala: केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य में मंकीपॉक्स के एक और मामले की पुष्टि हुई है। देश में दो मामले केरल से ही सामने आए हैं।

Monkeypox Cases In India: देश में मंकीपॉक्स के दूसरे केस की हुई पुष्टि, केरल में ही मिला दूसरा मामला
Photo Credit: BCCL

तिरुवनंतपुरम: देश में मंकीपॉक्स का दूसरा मामला सामने आया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने सोमवार बताया कि दुबई से पिछले हफ्ते राज्य पहुंचा 31 वर्षीय एक व्यक्ति जांच में मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है। यह राज्य के साथ-साथ देश में मंकीपॉक्स का दूसरा मामला है। वीना जॉर्ज ने बताया कि 13 जुलाई को केरल पहुंचा मरीज कन्नूर का रहने वाला है और उसका वहां परियाराम मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। मरीज के संपर्क में रहे लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

केंद्र ने भेजी थी टीम

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कोल्लम जिले से मंकीपॉक्स के पहले मामले का पता चलने के बाद सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को शुरू करने में राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों की सहायता के लिए पिछले सप्ताह केरल में एक उच्चस्तरीय टीम भेजी थी। अधिकारियों ने कहा था कि टीम राज्य के स्वास्थ्य विभागों के साथ मिलकर काम करेगी और जमीनी स्थिति का जायजा लेगी और आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप की सिफारिश करेगी।

सरकार उठा रही है कदम

केंद्र सरकार ने इस संबंध मे बयान जारी करते हुए बताया किकेंद्रीय दल राज्य के स्वास्थ्य विभागों के साथ मिलकर काम करेगा और जमीनी स्थिति का जायजा लेगा तथा आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल की सिफारिश करेगा। केंद्र सरकार स्थिति की सावधानीपूर्वक निगरानी करके मंकी पॉक्स बीमारी के प्रकोप की ऐसी किसी भी संभावना के मामले में राज्यों के साथ समन्वय करके सक्रिय कदम उठा रही है।

End of Article