Jharkhand Bus Accident: हजारीबाग जिले में बस के पुल से गिरने से 6 यात्रियों की मौत, कई घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 17, 2022, 11:07 PM IST

Jharkhand Bus Accident: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि टाटीझरिया में पुल से बस के गिरने से यात्रियों के हताहत होने से मन व्यथित है।

Jharkhand Bus Accident: हजारीबाग जिले में बस के पुल से गिरने से 6 यात्रियों की मौत, कई घायल

Jharkhand Bus Accident: झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को करीब 50 यात्रियों को लेकर जा रही एक बस के पुल से नीचे गिर जाने से कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि गिरिडीह से रांची जा रही ये बस टाटीझरिया थानाक्षेत्र में पुल का रेलिंग तोड़ते हुए शिवानी नदी में गिर गयी।

हजारीबाग जिले में बस के पुल से गिरने से 6 यात्रियों की मौत

उन्होंने कहा कि दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य को हजारीबाग के सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हम उन्हें बेहतर उपचार के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेजने की तैयारी कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि यदि बस नदी के मध्य पानी में गिरती, तो नुकसान अधिक हो सकता था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर जताया दुख

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि टाटीझरिया में पुल से बस के गिरने से यात्रियों के हताहत होने से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक स्तर के एक अधिकारी एवं तीन थाना प्रभारियों को बचाव अभियान की निगरानी करने के लिए दुर्घटना स्थल पर तैनात किया गया है।

End of Article