Bihar Corona :बिहार में कोरोना के हालात भयावह!, तेजस्‍वी का दावा- स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने आर्मी से मांगे डॉक्टर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2021, 05:00 PM IST

Bihar Corona Updates: बिहार में कोरोना संक्रमण को लेकर आरजेडी प्रमुख और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। 

Bihar Corona :बिहार में कोरोना के हालात भयावह!, तेजस्‍वी का दावा- स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने आर्मी से मांगे डॉक्टर

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एक बार फिर से कोरोना वायरस (Corona virus) को लेकर बिहार की नीतिश सरकार (Nitish Govt) के खिलाफ जोरदार निशाना साधा है उनका दावा है कि राज्य सरकार कोरोना पर नियंत्रण (Corona infection in Bihar)पाने में नाकाम रही है उन्होंने ट्वीट कर स्थिति की भयावहता का जिक्र किया है और कहा है कि राज्य में हालत खराब हैं और सरकार कुछ खास नहीं कर रही है।

तेजस्वी ने सोशल मीडिया में एक लंबा पोस्ट लिख कर बिहार की हालत को बहुत भयावह बताया है,  तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कोरोना को लेकर एक के बाद एक कई ट्वीट किए। 

तेजस्‍वी ने ट्वीट कर लिखा, 'पिछले 2 दिनों में 2 आईएएस अधिकारियों और कुछ अन्य अधिकारियों ने अपनी जान गंवाई है, आम लोगों के बारे में कल्पना कीजिए, कई सीनियर आईएएस, अधिकारी, डॉक्टर, कर्मचारी भर्ती हैं, पटना के अस्पतालों में भी कोई बिस्तर उपलब्ध नहीं है. स्वास्थ्य सचिव ने भारतीय सेना से डॉक्टरों की मांग की है।'

अन्य ट्वीट में तेजस्वी यादव ने लिखा कि कोरोना वायरस की शुरुआत से ही वो बार-बार बिहार सरकार को असंवेदनशीलता से जागने के लिए अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने, टेस्टिंग बढ़ाने, मेक शिफ्ट अस्पताल, क्वारंटीइन और आइसोलेशन सेंटर बनाने, बिहार में आने वाले सभी लोगों का परीक्षण करने के लिए कह रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री से समय लिया और फिर से अनुरोध किया कि वेंटिलेटर और ऑक्‍सीजन का स्टॉक बढ़ाया जाए, लेकिन इस पर कोई कार्य नहीं हुआ। 

"मरीज अस्पताल में दवा, बेड, ऑक्सीजन, और इलाज के लिए दर-बदर धक्के खा रहे"

इससे पहले तेजस्वी ने कहा था कि बिहार में एक साल पहले भी मरीज अस्पताल में दवा, बेड, ऑक्सीजन, टेस्ट और इलाज के लिए दर-बदर धक्के खा रहे थे और आज भी स्थिति यथावत है। उन्होंने कहा, 'कोरोना काल के शुरूआती दौर से ही मैंने अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने, सुविधाओं को सुदृढ़ करने व नए अस्पताल बनाने का सुझाव दिया, कोरोना की लड़ाई मैराथन है, पुख्ता तैयारी करनी होगी लेकिन, चोर दरवाजे से मनोनित होने वाली सरकार कहां जनहित में सकारात्मक सुझाव मानेगी?'

"भाजपाई स्वास्थ्य मंत्री पॉलिटिकल टूरिज्म में व्यस्त है"

तेजस्वी ने कहा, 'नीतीश येन केन प्रकारेण सत्ता में काबिज हो कुंभकर्णी नींद सो जाते हैं, भाजपाई स्वास्थ्य मंत्री पॉलिटिकल टूरिज्म में व्यस्त है जो कभी-कभार आराम फरमाने बिहार आते हैं।' तेजस्वी ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि जनता भगवान भरोसे जीवन-मरण से संघर्षरत है और मुख्यमंत्री की नाक के नीचे कोरोना के नाम पर बिहार में हजारों करोड़ की लूट हुई है।

End of Article