लखनऊ: कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और लखनऊ में सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य है। इस सबंध में उत्तर प्रदेश सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले दिल्ली में कोविड-19 की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से ज्यादा होने के बीच डॉक्टरों ने रविवार को कहा था कि कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर लोगों को जांच करानी चाहिए और संक्रमण रोकने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य करने की जरूरत है।
मास्क पहनना हुआ जरूरी
निर्देश के मुताबिक, जो लोग मास्क लगाए बिना सार्वजनिक स्थानों पर पाए जाएंगे, उनके खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है जिसके तहत चालान तक हो सकता है। इसके अलावा उन लोगों की पहचान करने का आदेश दिया गया है, जिन्होंने अब तक कोविड-19 वैक्सीन नहीं लगवाई है। ऐसे लोगों की पहचान करके आइसोलेट किया जाएगा। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से नोएडा और गाजियाबाद में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में गौतमबुद्ध नगर में 65, गाजियाबाद में 20 और लखनऊ में 10 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है।
लगातार बढ़ रहे हैे मामले
दरअसल देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं। सोमवार को भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,183 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,30,44,280 हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में कोविड के मामलों में 90 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है और नोएडा, गाजियाबाद में लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे जारी कि आंकड़ों के अनुसार, 214 और संक्रमितों की मौत से महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,21,965 पर पहुंच गई है। जिन 214 लोगों की मौत के मामले पिछले 24 घंटे में सामने आए हैं, उनमें से केरल के 213 लोग हैं।

