Bharat Jodo Yatra: 3500 KM, 12 राज्य...आज से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, कन्याकुमारी से राहुल गांधी करेंगे लॉन्च

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2022, 07:30 AM IST

Bharat Jodo Yatra: यात्रा की शुरूआत करने से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को श्रीपेरुमबुदुर में राजीव गांधी स्मारक पर प्रार्थना सभा में हिस्सा लेंगे।

Bharat Jodo Yatra: 3500 KM, 12 राज्य...आज से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, कन्याकुमारी से राहुल गांधी करेंगे लॉन्च
Photo Credit: PTI

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस बुधवार (7सितंबर 2022) से भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत कर रही है। इस यात्रा की शुरूआत कन्याकुमारी से होगी, जहां से कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस यात्रा को लॉन्च करेंगे। 

कांग्रेस की यह यात्रा 3500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। इस दौरान यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। अपनी यात्रा के दौरान कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक कांग्रेस जाएगी। राहुल गांधी पिछले लगभग चार दशकों में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने वाले पहले नेता होंगे। 

इस यात्रा को लॉन्च करने से पहले राहुल गांधी बुधवार को श्रीपेरुमबुदुर में राजीव गांधी स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में हिस्सा लेंगे। उनके पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या इसी जगह पर हुई थी। यहां पर वो उन परिवारों से भी मिलेंगे, जिनके परिजनों की मौत राजीव गांधी के साथ उस ब्लास्ट में हो गई थी।

 इसके बाद वह कन्याकुमारी जाएंगे, जहां से इस यात्रा की शुरूआत होगी। यात्रा की शुरूआत करने पहले एक और कार्यक्रम होगा, जहां उनके साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। यहां स्टालिन, राहुल गांधी को खादी से बना एक राष्ट्रीय ध्वज भेंट करेंगे।  

यात्रा अगले 150 दिनों में 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। तमिलनाडु से, यह केरल जाएगी और कर्नाटक में प्रवेश करेगी। यह मध्य प्रदेश और राजस्थान से होकर गुजरेगी, जहां अगले साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। यात्रा के साथ चलने वाले नेता यात्रा के ठहराव होते ही सड़क पर ही रात गुजारेंगे।

बता दें कि पिछली बार इस तरह की यात्रा 1980 के दशक में हुई थी, जब तत्कालीन जनता पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कन्याकुमारी से दिल्ली तक देश भर में यात्रा की थी। तब वे 56 वर्ष के थे।

End of Article