Himachal Pradesh ने हासिल किया बड़ा मुकाम, वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज देने वाला पहला राज्य बना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 5, 2021, 10:26 AM IST

हिमाचल प्रदेश ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। राज्य ने लक्षित पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज देकर पूरे भारत वर्ष में प्रथम स्थान हासिल किया है।

Himachal Pradesh ने हासिल किया बड़ा मुकाम, वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज देने वाला पहला राज्य बना

शिमला: हिमाचल प्रदेश ने एक अहम मुकाम हासिल किया है। हिमाचल प्रदेश पात्र आबादी को सौ फीसदी कोविड टीकाकरण करने वाला पहला राज्य बन गया है। सरकार के मुताबिक राज्य के 53,86,393 वयस्क नागरिकों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज भी दे दी गई है। हिमाचल प्रदेश ही वह राज्य था जिसमें अगस्त माह में ही 100 फीसदी लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगा दी थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

सीएम का ट्वीट

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा, 'आज हमारे हिमाचल ने एक और इतिहास रचकर देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। लक्षित पात्र नागरिकों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज देकर हिमाचल ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व स्वास्थ्य विभाग/टीम को साधुवाद।'

आज किया जाएगा सम्मानित

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आज बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कोविड-19 कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान नगारिकों के टीकाकरण में अहम भूमिका निभाने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल भी उपस्थित रहेंगे।

End of Article