सोनिया-राहुल से खफा कुलदीप बिश्नोई? अमित शाह-जेपी नड्डा से मिले, कांग्रेस नेताओं संग टि्वटर से फोटो भी किया 'रिमूव'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2022, 11:23 AM IST

बिश्नोई मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले हैं। पंजाब विवि से उन्होंने अपनी पढ़ाई-लिखाई की है, जबकि मौजूदा समय में आदमपुर से चौथी बार विधायक हैं।

सोनिया-राहुल से खफा कुलदीप बिश्नोई? अमित शाह-जेपी नड्डा से मिले, कांग्रेस नेताओं संग टि्वटर से फोटो भी किया 'रिमूव'
Photo Credit: Twitter

हरियाणा कांग्रेस के सीनियर नेता और आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई  ने रविवार (10 जुलाई, 2022) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चीफ जेपी नड्डा से मुलाकात की। 

उन्होंने इस भेंट से जुड़े कुछ फोटो अपने टि्वटर हैंडल से शेयर किए और कहा, "शाह से मिलना एक वास्तविक सम्मान और खुशी की बात थी। वह एक सच्चे राजनेता हैं। मैंने उनके साथ बातचीत में उनकी आभा और करिश्मे को महसूस किया। भारत के लिए उनका दृष्टिकोण विस्मयकारी है।" 

उन्होंने इसके साथ गृह मंत्री की तारीफ में दो पक्तियां भी लिखीं, जो कि इस प्रकार हैं- अपनी जुबान के लिए सरे-राह हो जाना, बहुत कठिन है, अमित शाह हो जाना...।

एक अन्य ट्वीट में नड्डा के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा- मैं भाजपा प्रमुख से मिलकर अति गर्वित हुआ। उनका सहज और विनम्र स्वभाव उन्हें औरों से मिलों अलग दिखाता है। उनकी सक्षम अध्यक्षता में, बीजेपी  ने अभूतपूर्व ऊंचाइयों को देखा है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।

रोचक बात है कि इस भेंट से इतर उन्होंने अपने टि्वटर हैंडल पर लगे कांग्रेस की अंतरिम चीफ सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ वाले फोटो को हटा लिया। सूत्रों के हवाले से कुछ मीडिया चैनलों ने बताया कि बिश्नोई कांग्रेस नेतृत्व से खफा चल रहे हैं। हालांकि, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। 

Kuldeep Bishnoi, Congress, BJP, Amit Shah

End of Article