जनसंख्या नियंत्रण पर गिरिराज सिंह का बड़ा बयान, बोले-ऐसा कानून बने जो सभी धर्मों पर लागू हो  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 11, 2020, 01:20 PM IST

Giriraj Singh's statement on Population Control: केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने देश की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण लाने के लिए शनिवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने एक सख्त कानून बनाने की मांग की है।

जनसंख्या नियंत्रण पर गिरिराज सिंह का बड़ा बयान, बोले-ऐसा कानून बने जो सभी धर्मों पर लागू हो  
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश की बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण लाने के लिए बड़ा बयान दिया है। सिंह ने शनिवार को कहा कि देश की बढ़ती आबादी चिंता का विषय है और हम यदि विकसित देशों के साथ खड़ा होना चाहते हैं तो हमें बढ़ती आबादी पर नियंत्रण लाने के लिए एक सख्त कानून लाना होगा। उन्होंने कहा कि यह कानून देश के सभी लोगों पर लागू होना चाहिए, चाहे वे किसी भी धर्म के मानने वाले क्यों न हों। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो सकता है। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'बढ़ती जनसंख्या हम सभी के लिए एक चुनौती बन गई है। हम यदि विकसित देशों के साथ खड़ा होना चाहते हैं तो हमें जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना होगा। एक ऐसा कठोर कानून जो इस देश के सभी नागरिकों पर लागू हो। यह कानून सब पर लागू होना चाहिए चाहे वह किसी भी धर्म, जाति एवं मजहब के हों।' विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री सिंह ने यह बयान दिया है।

साल 2100 में 10.9 अरब हो सकती है आबादी
भारत सहित दुनिया की आबादी जिस तरह से बढ़ रही है उसे और धरती पर मौजूद संसाधनों को लेकर समय-समय पर चिंता जाहिर की गई है। रिपोर्टों में कहा गया है कि दुनिया की आबादी एक अरब होने में हजारों साल लगे लेकिन यह आबादी गत 200 वर्षों में सात गुना बढ़ गई। साल 2011 में विश्व की आबादी सात अरब थी जो अब बढ़कर 7.7 अरब हो गई है। समझा जाता है कि साल 2030 में यह आबादी 8.5 अरब, 2050 में 9.7 अरब और साल 2100 में 10.9 अरब हो जाएगी।

End of Article