Lockdown and Night Curfew: हो जाएं सावधान! फिर लौट रहा कोरोना का कहर, इन शहरों में लगा लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 16, 2021, 04:43 PM IST

Coronavirus Guidelines: देश में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। कई राज्यों में लगातार मामले बढ़ रहे हैं। वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए सरकारें लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे कदम उठा रही हैं।

Lockdown and Night Curfew: हो जाएं सावधान! फिर लौट रहा कोरोना का कहर, इन शहरों में लगा लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू

नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लगातार बढ़ते मामले चिंता बढ़ाने वाले हैं। महाराष्ट्र के अलावा केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु ऐसे राज्य हैं जहां पर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जिस वजह से कई शहरों में नाइट कर्फ्यू जैसे सख्त कदम उठाए गए हैं। अब तक महाराष्ट्र और पंजाब में ही कोविड-19 मामलों की संख्या में बढ़ोतरी नजर आ रही थी लेकिन अब ऐसी स्थिति कई राज्यों में बन गई है। दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश में बीते कुछ हफ्तों में तेजी से मामले बढ़े हैं। 

महाराष्ट्र के इन शहरों में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू
जहां एक तरफ वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ कोरोना के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में कोरोना विकराल रूप ले रहा है। नागपुर के बाद अब अकोला और परभणी में भी लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा, परभणी के जिलाधिकारी से बात हुई है। कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। शनिवार और रविवार को सिर्फ आवश्यक सेवाओं की ही इजाजत होगी। 

अकोला में  रात 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। वहीं पुणे, पनेवल में रात 11 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। इतना ही नहीं 31 मार्च तक यहां सभी स्कूल, कॉलेज बंद करने का फैसला किया गया है पुणे में होटल बार रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक बंद रहेंगे। 

पंजाब के इन शहरों में नाइट कर्फ्यू

महाराष्ट्र के अलावा पंजाब ऐसा राज्य है जहां हालात चिंताजनक हैं। पंजाब में कोरोना के मामलों में अचानक से आई तेजी के बाद कुछ शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा।  पंजाब के लुधियाना, पटियाला, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर व नवांशहर में नाइट कर्फ्यू लग चुका है। इसके अलावा मोहाली व श्री फतेहगढ़ साहिब जिला प्रशासन ने रात का कर्फ्यू लगा दिया है। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोहाली जिले में कर्फ्यू रहेगा। रात के समय घर से निकलने में पाबंदी रहेगी और शहर के अंदर आवाजाही पर रोक रहेगी।

मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित बेकाबू
मध्य प्रदेश के इंदौर में फिर से हालात बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं और यहां फिर से नाइट कर्फ्यू लगने के आसार नजर आ रहे हैं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन इस पर एक बैठक कर रहा है और आगे इस पर निर्णय लिया जा सकता है। इंदौर में 70 दिन बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 200 को पार कर गया है जिसने सबकी चिंता बढ़ा दी है।

महाराष्ट्र में हालात चिंताजनक
महाराष्ट्र में सबसे अधिक चिंताजनक हालात हैं जहां कोविड के मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र कोरोना वायरस के 14,317 मरीज मिले जो इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद कुल मामले 22,66,374 पहुंच गए हैं। गुरुवार को  57 संक्रमितों के दम तोड़ने के बाद राज्य में मृतक संख्या 52,667 पहुंच गई है। बीते साल सात अक्टूबर को एक दिन में 14,578 नए मामले रिपोर्ट हुए थे जिसके बाद से दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज होने लगी थी।

ये शहर दे रहे हैं चिंता
गुरुवार को नागपुर शहर में सबसे ज्यादा 1701 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके बाद पुणे में 1514 और मुंबई नगर में 1509 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। मुंबई में कोविड-19 के कुल मामले 3,38,643 पहुंच गए हैं तथा चार और लोगों की मौत के बाद शहर में कुल 11,519 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। महाराष्ट्र में 4,80,083 लोग घर में पृथक-वास में हैं जबकि 4719 संस्थागत पृथक-वास में हैं। पिछले साल छह नवंबर को राज्य में संक्रमण के इलाजरत मरीजों की संख्या 1,02,099 थी। इसके बाद उपचाररत मरीजों की संख्या कम होने लगी थी लेकिन 14 फरवरी से दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी होने लगी हैं।

मध्य प्रदेश के इन शहरों में नाइट कर्फ्यू

मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। वहीं 8 शहरों में रात के 10 बजे के बाद बाजार बंद रहेगा। ये 8 शहर हैं- जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, बैतूल और खरगोन। इन शहरों में कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं रहेगी लेकिन बाजार अनिवार्य रूप से बंद रहेगा। यह आदेश कल दिनांक 17 मार्च से लागू होगा।

End of Article