Noida News: दिल्ली-NCR में बेखौफ दबंगों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में एक महिला प्रबंधक के साथ बीच सड़क पर दरिंदगी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऑटो में बैठने और बात करने को लेकर हुई मामूली बहस के बाद बाइक सवार और बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो -N सवार दबंगों ने ऑटो को रुकवाकर महिला को बाहर खींचा और उसके बाल पकड़कर जमकर पिटाई की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी अमर सिंह यादव और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑटो में बैठने को लेकर हुआ था विवाद
दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को दी गई शिकायत में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी आयशा गुप्ता ने बताया कि वह सेक्टर-63 के एच-ब्लॉक स्थित 'एक्सप्रेस बिल्डर्स' में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। घटना वाले दिन 16 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने ऑफिस से निकली थीं। शाम करीब 6:45 बजे वह सेक्टर-63 थाने के ठीक सामने एफएनजी चौराहे पर पहुंचीं और पर्थला जाने के लिए एक ऑटो में बैठीं। इसी दौरान वहां अमर सिंह यादव नाम का व्यक्ति भी आया। ऑटो में बैठने और तेज आवाज में बोलने को लेकर अमर सिंह और महिला मैनेजर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि अमर सिंह ने महिला के साथ अभद्रता की और बहस के दौरान उन्हें देख लेने की धमकी दी।
एफएनजी पुल पर पीछा कर रुकवाया ऑटो, बीच सड़क की मारपीट
विवाद को बढ़ता देख महिला मैनेजर झगड़े से बचने के लिए उसी ऑटो से पर्थला के लिए रवाना हो गईं। लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जैसे ही ऑटो एफएनजी पुल के ऊपर पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक ने तेजी से आकर ऑटो के आगे बाइक लगाकर उसे जबरदस्ती रुकवा लिया। इसी दौरान पीछे से एक बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो-एन कार आकर रुकी। कार में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार थे, जिनमें अमर सिंह यादव भी शामिल था।
दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक कार से उतरते ही चारों आरोपियों ने महिला मैनेजर को ऑटो से खींचकर बाहर निकाला और उनके बाल पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, कार में सवार एक महिला ने उनके सीधे हाथ पर जोर से वार किया और उन्हें पुल से नीचे गिराने का प्रयास भी किया।
पुलिस जांच में जुटी
अचानक हुई इस हिंसक घटना से घबराई महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के वाहन चालक और राहगीर मौके पर जुटने लगे। लोगों को इकट्ठा होता देख सभी आरोपी अपनी काली स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जानकारी दी है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी अमर सिंह यादव और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं, जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
