मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे गिरफ्तार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज फोन टैपिंग मामले में ईडी ने की गिरफ्तारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2022, 09:17 PM IST

NSE Phone Tapping Case: संजय पांडे 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए थे। मुंबई के पुलिस आयुक्त के रूप में अपने चार महीने के कार्यकाल से पहले उन्होंने महाराष्ट्र के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे गिरफ्तार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज फोन टैपिंग मामले में ईडी ने की गिरफ्तारी
Photo Credit: ANI

NSE Phone Tapping Case: प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के कर्मचारियों की कथित अवैध जासूसी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंगलवार को दिल्ली में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। इससे पहले दिन में संजय पांडे से इसी मामले में पूछताछ की गई थी। संजय पांडे को मंगलवार को दिनभर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। ये लगातार दूसरा दिन था जब ईडी ने सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी से मामले में पूछताछ की थी। 

ईडी ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे को किया गिरफ्तार

पूर्व पुलिस अधिकारी को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सुरक्षा ऑडिट के लिए उनके द्वारा शुरू की गई एक फर्म के व्यवसाय और संचालन से संबंधित सवालों के जवाब देने थे। अधिकारियों ने कहा कि उनके बयान धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत दर्ज किए गए।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज फोन टैपिंग मामले में हुई गिरफ्तारी

संजय पांडे 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए थे। मुंबई के पुलिस आयुक्त के रूप में अपने चार महीने के कार्यकाल से पहले उन्होंने महाराष्ट्र के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं। सीबीआई ने सोमवार को कहा था कि उसने संजय पांडे और मुंबई के एक अन्य पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ 100 करोड़ रुपए की वसूली के आरोप में पूछताछ की थी।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के कर्मचारियों की कथित फोन टैपिंग मामले में सीबीआई और ईडी दोनों ने संजय पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ईडी ने इस महीने की शुरुआत में ‘को-लॉकेशन’ घोटाला मामले में भी उनसे पूछताछ की थी। सीबीआई और अब ईडी ने संजय पांडे और उनकी दिल्ली स्थित कंपनी आईएसईसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड समेत एनएसई के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नारायण और रामकृष्ण, कार्यकारी उपाध्यक्ष रवि वाराणसी और प्रमुख (परिसर) महेश हल्दीपुर समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

End of Article