गोवा जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी का दबदबा, कांग्रेस और आप के सपनों पर फिरा पानी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2020, 10:48 PM IST

गोवा में जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी को जबरदस्त कामयाबी मिली है, खास बात यह है कि कांग्रेस दहाई का आंकड़ा पार करने में नाकाम रही है।

गोवा जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी का दबदबा, कांग्रेस और आप के सपनों पर फिरा पानी

पणजी।  गोवा में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला पंचायत चुनावों में 49 में से 32 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में सिर्फ चार सीटें आईं।राज्य में 48 जिला पंचायत क्षेत्रों में 50 सीटें हैं लेकिन एक सीट पर उम्मीदवार की मौत हो जाने के कारण चुनाव नहीं हुआ था। इन सीटों के लिये 12 दिसंबर को मतदान हुआ था।

बीजेपी के खाते में 32 सीट
सोमवार को घोषित नतीजों में भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि सात सीटों पर निर्दलीय विजयी रहे। कांग्रेस के खाते में चार, एमजीपी के हिस्से में तीन सीटें आईं जबकि राकांपा और आम आदमी पार्टी (आप) को एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा।इस तटीय राज्य में यह पहला मौका है जब आप ने चुनावों में कोई सीट जीती हो। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में ज्यादातर सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है। प्रदेश में विधानसभा की 40 सीटें हैं।

यह विकास की जीत 
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के चुनावी प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की।उन्होंने कहा कि वो भारतीय जनता पार्टी और उनके नेतृत्व में काम कर रही गोवा सरकार के प्रति भरोसा जताने के लिये गोवा की जनता के समक्ष नतमस्तक हैं।सावंत ने ट्वीट किया, “इसी विश्वास और भरोसे को आगे बढ़ाते हुए आइए एक श्रेष्ठ और स्वयंपूर्ण गोवा को आकार दें। ग्रामीण मतदाताओं ने भाजपा के नेतृत्व और प्रदेश सरकार में अपना भरोसा दिखाया है।

उन्होंने कहा कि कई जिला पंचायत क्षेत्रों में पार्टी “बड़े अंतर” से जीती है।गोवा भाजपा के अध्यक्ष सदानंद शेट तानावड़े ने कहा कि यह नतीजे मतदाताओं की बीच पार्टी को मिले समर्थन की तरफ संकेत करते हैं।उन्होंने कहा कि यह नतीजे इस बात का भी खुलासा करते हैं कि 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों का नतीजा क्या होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।







End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!