महाराष्ट्र में खाकी पर कोरोना का 'ग्रहण', कोविड-19 से लड़ते हुए 30 पुलिसकर्मियों की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 4, 2020, 06:26 PM IST

Maharashtra Policemen death due to Covid-19: महाराष्ट्र में कोविड-19 के संक्रमण से कम से कम 30 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र में देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला राज्य है।

महाराष्ट्र में खाकी पर कोरोना का 'ग्रहण', कोविड-19 से लड़ते हुए 30 पुलिसकर्मियों की मौत
Photo Credit: PTI

मुंबई : कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में एक और पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस महामारी से जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 30 हो गई ह। जबकि कोरोना वायरस से करीब 2557 पुलिसकर्मी संक्रमित हैं। ये पुलिसकर्मी कोविड-19 के खिलाफ जारी मुहिम में ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान ये इस महामारी की चपेट में आए। इन 30 पुलिसकर्मियों में से 19 मुंबई पुलिस से हैं। ये पुलिसकर्मी राजधानी मुंबई में लॉकडाउन का पालन कराते समय महामारी के संक्रमण में आए। राज्य में अब तक कोरोना के 74,860 केस सामने आए हैं और करीब 2587 लोगों की मौत हुई है।

2557 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आए
महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, 'अब तक 2557 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं और इस महामारी से एक अधिकारी सहित 30 पुलिसकर्मियों की जान गई है।' महाराष्ट्र में लॉकडाउन लागू कराने पहुंची पुलिस पर हमले भी हुए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक लॉकडाउन का पालन कराने पहुंची पुलिस पर हमले की 258 घटनाएं सामने आईं। इन हमलों में करीब 86 पुलिसकर्मी घायल हुए। यही नहीं कोरोना वायरस से पॉजिटिव लोगों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य टीम को भी हमले का सामना करना पडा।

ड्यूटी में बाधा खड़ी करने पर 838 अरेस्ट
लॉकडाउन के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में बाधा खड़ी करने पर कम से कम 838 लोगों को गिरफ्तार किया गया। लॉकडाउन के बाद से महाराष्ट्र पुलिस ने आईपीसी के तहत हमलों के 1,22,484 मामले दर्ज किए हैं और लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने पर इस दौरान 28,820 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 77,435 वाहनों को जब्त किया। पुलिस कंट्रोल रूम को लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन की शिकायतें भी मिली हैं।

चव्हाण को अस्पताल से मिली छुट्टी
इस बीच, महाराष्ट्र में मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चव्हाण की जांच में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें यहां 25 मई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चव्हाण पिछले महीने नांदेड़ में थे जब उनकी जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मुंबई लाया गया।
 

End of Article