Farmer protest:कृषि विधेयक को लेकर गुस्साए किसान हरियाणा प्रदेश में करेंगे रोड ब्लॉक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2020, 09:28 AM IST

Angry farmers in haryana: किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन  की हरियाणा इकाई ने कहा है कि वह राज्य के सभी प्रमुख राजमार्गों को रविवार को तीन घंटे दोपहर में ब्लॉक कर देंगे।

Farmer protest:कृषि विधेयक को लेकर गुस्साए किसान हरियाणा प्रदेश में करेंगे रोड ब्लॉक

भारतीय किसान यूनियन (BKU) की हरियाणा इकाई (Haryana) ने कृषि विधेयकों के विरोध में राज्य भर में रविवार को विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की। इस दौरान भाकियू तीन घंटे के लिए सड़कों पर यातायात बाधित करेगी। इस बीच, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऐसा नहीं करने की अपील करते हुए उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित किया।

हरियाणा भाकियू के अध्यक्ष गुरनाम सिंह ने कहा कि केंद्र ने कृषि संबंधी तीन अध्यादेशों को वापस नहीं लिया और उन्हें विधेयक के रूप में पेश करके लोकसभा में पारित करा लिया। अन्य किसान संगठनों के समर्थन का दावा करते हुए उन्होंने कहा, 'हमने सरकार को चेतावनी दी थी कि वह इन 'किसान विरोधी' कानूनों के साथ आगे नहीं बढ़े। कल, हम पूरे राज्य में प्रदर्शन करेंगे और इस दौरान हम तीन घंटे के लिए सड़कों को बंद करेंगे। हालांकि, जीटी रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग) को बाधित नहीं किया जाएगा।'

हरियाणा बीकेयू प्रमुख के अनुसार उन्होंने यमुनानगर टोल प्लाजा, कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड, कुरुक्षेत्र- पिहोवा रोड, कुरुक्षेत्र-किरमच रोड, अंबाला-हिसार रोड पर ट्रैफिक बाधित करने की रणनीति बनाई है और इस पर काम कर रहे हैं।

24 सितंबर से 26 सितंबर के बीच "रेल रोको" का आह्वान

पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, पंजाब में किसानों ने 24 सितंबर से 26 सितंबर के बीच "रेल रोको" का आह्वान किया है। वहीं कृषि विधेयकों के विरोध में 25 सितंबर को होने वाले पंजाब बंद के लिए 31 किसान संगठन एक साथ आने के लिए तैयार हुए हैं।किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पहले ही 24 से 26 सितंबर के बीच रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया हुआ है। क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने बताया कि पंजाब बंद को समर्थन देने वालों में मुख्य तौर पर भारती किसान यूनियन (क्रांतिकारी), कीर्ति किसान यूनियन, भारती किसान यूनियन (एकता उगराहां), भाकियू (दोआबा), भाकियू (लाखोवाल) और भाकियू (कादियां) आदि संगठन शामिल हैं।

End of Article