देश

Honeymoon Couple: प्रतापगढ़ से 'हनीमून' मनाने सिक्किम गया नवदंपति लापता, घरवाले बेहाल, तलाश जारी

Honeymoon Couple Missing In Sikkim: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 5 मई को शादी के बाद यह नवदंपती 25 मई को सिक्किम में हनीमून मनाने के लिए गया फिर 29 मई से ये लापता हैं।

Image

यह नवदंपती 25 मई को सिक्किम में हनीमून मनाने के लिए गया

Honeymoon Couple Missing In Sikkim: हनीमून मनाने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से सिक्किम गया नवविवाहित दंपति भारी बारिश के बीच वाहन के कथित तौर पर तीस्ता नदी में गिरने के बाद से लापता है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि दंपति का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।अधिाकारियों का कहना है कि यह घटना उस समय घटी जब दंपति लाचेन से लाचून लौट रहा था। दंपति और उसके ड्राइवर समेत समेत कुल नौ लोगों का अभी तक पता नहीं चला है।

लापता कौशलेंद्र के फूफा दिनेश सिंह ने बताया कि सांगीपुर थानाक्षेत्र के राहाटीकर निवासी भाजपा नेता उम्मेद सिंह के भाई शेर बहादुर सिंह के बेटे 29 साल के कौशलेंद्र प्रताप सिंह की शादी पांच मई को थाना कोतवाली पट्टी क्षेत्र के धनगढ़ सराय छिवलहा निवासी विजय सिंह डब्बू की बेटी 26 साल की अंकिता के साथ हुई थी।

कौशलेंद्र अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने ट्रेन से सिक्किम के लिए रवाना हुए थे

उन्होंने बताया कि 25 मई को कौशलेंद्र अपनी पत्नी अंकिता के साथ हनीमून मनाने ट्रेन से सिक्किम के लिए रवाना हुए थे और 26 मई को सिक्किम के जनपद मंगन पहुंचे जहां से वे घूमने के लिए ऊपर लाचेन चले गए उन्होंने बताया कि 29 मई को नीचे लाचून लौटते समय सैलानियों से भरी गाड़ी बारिश के दौरान तीस्ता नदी में जा गिरी।

इस वाहन में नवदंपति के अलावा सात अन्य पर्यटक सवार थे

इस वाहन में नवदंपति के अलावा सात अन्य पर्यटक सवार थे जिसमें से दो लोग उत्तर प्रदेश, दो लोग त्रिपुरा और ड्राइवर समेत चार लोग लोग ओड़िशा से थे। ये सभी लापता हैं।दिनेश सिंह ने कहा कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ द्वारा सतत प्रयासों के बावजूद अभी तक किसी का शव या कोई व्यक्ति जीवित नहीं मिला है।

'होटल से उनका सामान बरामद कर लिया गया है'

उन्होंने कहा कि लापता दंपति के परिजनों ने सिक्किम जाकर डीआईजी अक्षय सचदेवा और उस क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।उन्होंने कहा, 'हालांकि होटल से उनका सामान बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी तक इस बात की पुष्टि करने के लिए कोई निर्णायक सबूत नहीं है कि वे नदी में डूबे हैं या नहीं। घर पर मौजूद परिवार सदमे में है और किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहा है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article