देश

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में डायरिया का कहर, 2 दिन में 5 लोगों की मौत; CM ने चिंता जताई

Diarrhea Case: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में डायरिया से पीड़ित 5 लोगों की मौत हो गई। दो दिनों में अबतक पांच लोगों की जान जा चुकी है। इसे लेकर सीएम ने अधिकारियों से बैठक की, जिसमें मरीजों की देखभाल के लिए 10 डॉक्टर और 40 कर्मियों की टीम को तैनात किया गया है। साथ ही साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं-

Image

आंध्र प्रदेश में डायरिया का कहर (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Diarrhea Case: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में दो दिन में डायरिया के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को डायरिया के कारण हुईं पांच लोगों की मौत पर चिंता जताई है। सीएम ने अधिकारियों के साथ एक बैठक में गुरला मंडल मुख्यालय में पांच मौतों के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली और मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी।

डायरिया से पीड़ित 103 मरीजों का चल रहा इलाज

सीएम ने इस समस्या से पीड़ित लोगों को किस प्रकार उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, गांव में स्वच्छता संबंधी क्या कार्य किए जा रहे हैं, इसकी भी जानकारी ली। मंगलवार को एक ही दिन में डायरिया की वजह से चार लोगों की मौत हो गई। डायरिया से पीड़ित 103 अन्य मरीजों का इलाज चल रहा है।

डायरिया से अब तक 5 लोगों की मौत

रिपोर्ट के अनुसार, तोंदरंगी रामाम्मा (60) की घर पर ही मौत हो गई, सारिका पेंटैया (65) की विजयनगरम अस्पताल ले जाते समय मौत हुई, कालीशेट्टी सीताम्मा (45) की विशाखापट्टनम के केजीएच अस्पताल ले जाते समय मौत हुई और गुम्माडी पैदम्मा (50) की विजयनगरम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। हालांकि, इससे पहले सोमवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मंगलवार को हुई मौतों के साथ ही हताहतों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

इन कारणों से भी हुई मरीजों की मौत

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि मौतें सीधे तौर पर डायरिया के कारण नहीं हुई हैं, बल्कि वे सेप्टिक शॉक, एक्यूट डायबिटीज, कार्डियक अरेस्ट, ब्रोन्कियल अस्थमा और किडनी फेल्योर समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ी थीं। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भास्कर के अनुसार, सभी 103 मरीजों की हालत अब स्थिर हो गई है।

मरीजों के देखभाल के लिए 10 डॉक्टरों समेत 40 कर्मियों तैनात

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी देखभाल करने के लिए 10 डॉक्टरों समेत 40 कर्मियों की तैनाती के साथ एक चिकित्सा शिविर स्थापित किया है। ज्यादातर मरीजों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। मरीजों का इलाज कर रही कुछ आशा कार्यकर्ता भी संक्रमित हो गई हैं।

साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति के निर्देश

विधायक कलावेंकटराव ने गुरला के एक अस्पताल में मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से बात की और मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। विधायक ने स्थानीय अधिकारियों को साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

(इनपुट-IANS)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article