देश

Gujarat: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मनाया ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न, तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारत के वीर जवानों की शौर्य की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु देश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में आज अमित शाह ने अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर में तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

Image

तिरंगा यात्रा में शामिल हुए अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाने के लिए गुजरात के अहमदाबाद शहर के साणंद में रविवार को ‘तिरंगा यात्रा’ में हिस्सा लिया। तिरंगा थामे शाह ने नल सरोवर चौकड़ी से एकलिंगजी रोड पर महाराणा प्रताप चौक तक पैदल यात्रा की, जहां पहुंचकर उन्होंने 16वीं सदी के महान योद्धा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

पैदल यात्रा में भाग लेने वालों में गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, स्थानीय विधायक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व कार्यकर्ता और यहां के प्राथमिक व माध्यमिक विभागों के शिक्षक और पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा की गुजरात इकाई द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि साणंद और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग, सामाजिक और राजनीतिक नेता ‘तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए तथा भारत माता की जय का नारा लगाया व सशस्त्र बलों के साहस और वीरता को सलाम किया।

कई योजनाओं का किया उद्घाटन

शनिवार से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर आए शाह ने विभिन्न कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया और कई करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के मेहसाणा जिले के गोजरिया में के.के. पटेल एंड मधुबेन पटेल नर्सिंग कॉलेज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। यह संस्थान समर्थ चुन्नीलाल एवं शेठ दोसाभाई माधवजी सार्वजनिक अस्पताल द्वारा संचालित है, जो इस क्षेत्र में एक दीर्घकालिक सामुदायिक संस्थान है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!