Amit Shah Bengal Visit: पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राज्य की ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उत्तर 24 परगना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 'आनंदपुर की मोमो फैक्ट्री में लगी आग कोई हादसा नहीं बल्कि यह भ्रष्टाचार का नतीजा है। 25 लोगों की जान गई है और 27 लोग लापता हैं। यह घटना क्यों हुई?' गृह मंत्री ने ममता बनर्जी सरकार से आग की इस घटना की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराने की मांग की।
पूछा-मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा है?
शाह ने पूछा कि 'इस मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा है? मोमो फैक्ट्री के मालिक कौन हैं? फैक्ट्री के मालिक किन लोगों के साथ विदेश यात्राओं पर गए हैं? और अब तक मोमो फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है? अगर ये लोग घुसपैठिए होते तो क्या ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया यही होती? बंगाली नागरिक मारे गए हैं; इस मामले में आप वोट बैंक की राजनीति क्यों कर रही हैं? ममता बनर्जी को शर्म आनी चाहिए।'
'घटना की निष्पक्ष, न्यायिक जांच कराए ममता सरकार'
गृह मंत्री ने कहा, 'आज, यहां से मैं बंगाल की मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि इस घटना की निष्पक्ष, न्यायिक जांच कराई जाए और जो भी दोषी हैं उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाए…सुवेंदु अधिकारी और समिक भट्टाचार्य पीड़ित परिवारों से मिलने गए थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और पुलिस ने उन पर बर्बरता की। ममता बनर्जी की पार्टी और सरकार का भ्रष्टाचार अब छिपाया नहीं जा सकता। आनंदपुर गोदाम में लगी आग चिल्ला-चिल्लाकर कह रही है कि ममता बनर्जी के लोग इसमें शामिल हैं… अगर ममता बनर्जी इसे दबाना चाहती हैं, तो चाहें, लेकिन अप्रैल के बाद जब भाजपा की सरकार आएगी, तब हम इस आग के दोषियों को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे।'
शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे शाह
शाह पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे के लिए शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचे। उन्होंने शहर के एक होटल में भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शाह ने कोर कमेटी के सदस्यों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की, जिसमें पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी की ओर से चुनाव प्रचार के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
होटल में भाजपा नेताओं के साथ की बैठक
वरिष्ठ नेता ने बताया कि लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में भूपेंद्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब देव, समिक भट्टाचार्य, सुकांत मजूमदार और शुभेंदु अधिकारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने बताया, 'यह एक अनौपचारिक बैठक थी, जो अमित जी के न्यू टाउन इलाके स्थित होटल पहुंचने पर हुई। इसमें जाहिर तौर पर बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई, क्योंकि अमित जी ने लोगों की राय पूछी।'
