देश

नगालैंड में हो गया बड़ा खेल, NCP के दामन से छिटके सभी 7 विधायक; CM नेफ्यू रियो की पार्टी में हुए शामिल

Nagaland Politics: नगालैंड में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को बड़ा झटका लगा। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली एनडीपीपी में एनसीपी के सभी सात विधायक शामिल हो गए।

Image

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो

Nagaland Politics: नगालैंड में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को बड़ा झटका लगा। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) में एनसीपी के सभी सात विधायक शामिल हो गए। बता दें कि राज्य में एनसीपी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी थी और सभी सात विधायक एनडीपीपी में शामिल होने से नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली पार्टी और मजबूत हो गई और उन्हें पूर्ण बहुमत मिल गया।

इस विलय के साथ एनडीपीपी विधायकों की संख्या 25 से बढ़कर 32 हो गई। पार्टी में विभाजन के बाद एनसीपी की नगालैंड इकाई ने अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट का समर्थन किया था।

2023 के विधानसभा चुनावों में एनडीपीपी और उसकी सहयोगी भाजपा के बाद एनसीपी राज्य की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। स्पीकर शारिंगैन लोंगकुमेर की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक, सात विधायकों ने खुद NDPP के साथ विलय करने के अपने फैसले का औपचारिक पत्र सौंपा।

कौन-कौन हैं शामिल

  • नामरी नचांग
  • पिक्टो शोहे
  • वाई म्होंबेमो हम्त्सो
  • वाई मनखाओ कोन्याक
  • ए पोंगशी फोम
  • पी लोंगोन
  • एस तोइहो येप्थो

आदेश में कहा गया है कि नगालैंड विधानसभा सदस्य (दल-बदल के आधार पर अयोग्यता) नियम, 2019 के अनुरूप अध्यक्ष ने विलय को मंजूरी दे दी और विधानसभा सचिवालय को पार्टी संबद्धता रिकॉर्ड को तदनुसार अद्यतन करने का निर्देश दिया है।

क्या कहता है संख्याबल?

नगालैंड की 60 सदस्यीय विधानसभा में एनडीपीपी के 25, भाजपा के 12, एनसीपी के 7, एनपीपी के 5, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2 और जेडीयू का एक विधायक है। हालांकि, कांग्रेस एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो पाई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article