All party delegation : द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सांसद कनिमोझी की अगुवाई में सर्वदलीय शिष्टमंडल शुक्रवार रात रूस की राजधानी मास्को पहुंचा। यह शिष्टमंडल रूसी नेताओं से मिलकर आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और पहलगाम हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में उन्हें जानकारी देगा। रूस की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद यह शिष्टमंडल स्लोवेनिया, ग्रीस, लातविया और स्पेन की यात्रा करेगा। मास्को पहुंचने पर कनिमोजी ने कहा कि रूस, भारत का रणनीतिक सहयोगी है।
रूस हमारा रणनीतिक साझेदार है-कनिमोझी
कनिमोझी ने कहा, 'रूस हमारे लिए एक रणनीतिक साझेदार रहा है और हम हमेशा कूटनीतिक मुद्दों, व्यापार आदि पर मिलकर काम करते रहे हैं। ऐसे समय में, जब बार-बार आतंकवादी हमलों का सामना करना पड़ रहा है, रूस से संपर्क करना बहुत जरूरी हो जाता है। भारत में हमने 26 लोगों को खो दिया, इसलिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री ने फैसला किया कि देश भर से, विभिन्न दलों के सांसदों को भारत का आतंकवाद के खिलाफ रुख और हमारी स्थिति दुनिया के सामने रखने के लिए भेजा जाए। इसी के तहत, जो प्रतिनिधिमंडल भेजे जा रहे हैं, उनमें से एक प्रतिनिधिमंडल रूस भेजा गया है।'
थिंक टैंक्स और रूसी मीडिया से भी होगी मुलाकात
डीएमके सांसद ने कहा कि 'हम यहां अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के पहले उपाध्यक्ष आंद्रे डेनिसन से मिलेंगे। हम रूस के उप विदेश मंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री (मिखाइल यफिमोविच) फ्राडकोव से भी मिलेंगे। हम थिंक टैंक्स और रूसी मीडिया के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। हम उन्हें समझाएंगे कि भारत में क्या हुआ और हमें आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कैसे लड़ना है।'
जापान और यूएई पहुंचा शिष्टमंडल
जापान गए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय झा कर रहे हैं, जबकि शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचा है। दोनों प्रतिनिधिमंडलों ने मंत्रियों, महत्वपूर्ण लोगों और विभिन्न संगठनों के लोगों से मुलाकात की।
यूएई में भारतीय दूतावास ने कहा कि यूएई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संदर्भ में बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल की अगवानी करने वाला पहला देश है और यह दोनों देशों के बीच दोस्ती के गहरे बंधन को रेखांकित करता है।
