देश

'SIT ध्यान रखना, कहीं जांच रिपोर्ट न हो जाए चोरी' Ram Mandir चंदा चढ़ावा केस पर अखिलेश यादव का तंज

Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर रही SIT की कार्रवाई के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि SIT को सावधान रहना चाहिए, कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। दूसरी ओर, मामले में SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने वाले कर्मचारी लवकुश मिश्रा को हिरासत में लिया है।

Image

राम मंदिर चढ़ावा घोटाले मामले पर अखिलेश यादव ने कसा तंज। AI IMAGE

Ayodhya Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की जांच एसआईटी कर रही है। इस जांच को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक व्यंग किया है। उन्होंने विशेष जांच दल (SIT) को सचेत करते हुए तंज कसा है कि वह ध्यान रखें कि कहीं इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, एसआईटी सावधान रहें... कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर वे कहेंगे, 15 दिन और इंतजार कीजिए। वे सबूत छिपाने के चक्कर में दिन बढ़ा रहे हैं।"

तीन सदस्यीय समिति का किया गया गठन

उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर से संबंधित कार्यों में अनियमितताओं और दान निधि के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अधिकारियों ने बताया कि समिति को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ संभागीय आयुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) किरण एस और विशेष सचिव (वित्त विभाग) नील रतन सदस्य कर रहे हैं।

SIT की हिरासत में लव कुश मिश्राबता दें कि शनिवार को एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की। लव कुश मिश्रा को एसआईटी ने हिरासत में लिया है। उम्मीद जताई जा रही पूछताछ में कई खुलासे किए जाएंगे। जांच के दौरान मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने वाले कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। युवक रुदौली के शुजागंज क्षेत्र के मीनापुर फगौली गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि कुछ रकम घर की अलमारी में रखी गई थी, जबकि कुछ नकदी गोबर के ढेर में दबाकर छिपाई गई थी. बरामद धनराशि के स्रोत को लेकर फिलहाल जांच जारी है।

'15 दिन और इंतजार कर लें, दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा'

हाल ही में इस मामले पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी थी। सीएम योगी ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। वह दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। सीएम ने कहा कि राम मंदिर के लिए लोगों ने 500 सालों तक इंतजार किया। इस जांच के लिए वे 15 दिन और इंतजार कर लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चोरी मामले में यदि किसी के पास कोई साक्ष्य है तो वह एसआईटी को दे। साथ ही सीएम ने समाजवादी पार्टी (सपा) को भी आडे़ हाथ लिया। उन्होंने कहा कि 'राम भक्तों पर गोली चलाने और जय श्री राम बोलने पर लाठी भांजने वाले लोग आज उपदेश देने चले हैं।'

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article