Israel-Iran Tension: इजरायल-ईरान तनाव के बीच एयर इंडिया ने शुक्रवार को तेल अवीव के लिए अपनी सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बयान जारी कर उड़ानों को निलंबित किए जाने की जानकारी साझा की।
कब तक निलंबित रहेंगी उड़ानें?
एयर इंडिया ने तेल अवीव जाने वाली सभी उड़ानों का संचालन 8 अगस्त तक के लिए निलंबित कर दिया है। विमानन कंपनी ने बयान में कहा कि मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमने 8 अगस्त, 2024 तक तेल अवीव से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
'मेहमानों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता'
बयान में कहा गया कि हम लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और इस अवधि के दौरान तेल अवीव की कंफर्म बुकिंग वाले यात्रियों की सहायता में जुटे हुए हैं। ऐसे में टिकट रिशेड्यूल और कैंसिल करने का चार्ज एक बार के लिए माफ किया जाता है। हमारे मेहमानों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही कंपनी ने एयर इंडिया का हेल्प लाइन नंबर भी शेयर किया।
इजरायल-ईरान के बीच बढ़ा तनाव
सनद रहे कि हमास चीफ इस्माइल हनियेह और हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर की हत्या के बाद इजरायल और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने तो इजरायल को खुली चुनौती तक दे डाली है। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अपने नागरिकों से जल्द से जल्द लेबनान को छोड़ने की अपील की। लेबनान की राजधानी बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से देश छोड़ने को कहा है।
