देश

उड़ते प्लेन में हो गई फाइट: टोकने पर AI के अधिकारी को जड़ा तमाचा, फिर सिर मरोड़ यात्री देने लगा गालियां!

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jul 15, 2023, 11:21 PM IST

Air India Plane Fight: एयरलाइन के अनुसार, दिल्ली में विमान के ठीक तरह से उतरने पर यात्री को सुरक्षा एजेंसी के हवाले कर दिया गया और यात्री ने बाद में लिखित में माफी मांगी।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

Air India Plane Fight: हजारों फुट ऊंचाई पर उड़ते प्लेन में एक बार फिर से फाइट हो गई। यह मामला इतना गर्मा गया था कि मारपीट तक की नौबत आ गई थी। आम पैसेंजर ने न सिर्फ विमान अधिकारी के साथ बदतमीजी की बल्कि उनपर कथित तौर पर हमला भी किया। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि सिडनी से दिल्ली के लिए रवाना फ्लाइट में सवार यात्री ने एयर इंडिया (एआई) के सीनियर अधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और उन पर हमला भी किया।

यह घटना तब हुई जब सीट की खराबी के चलते बिजनेस क्लास से इकनॉमी क्लास में डाउनग्रेड किए गए अधिकारी ने सह-यात्री को उसकी ऊंची आवाज के कारण टोकने की कोशिश की थी। आरोप है कि शारीरिक हमले के बाद भी एयर इंडिया के चालक दल के सदस्य ने बेकाबू यात्री को रोकने के लिए निरोधक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं किया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता के बयान में कहा गया, ‘‘नौ जुलाई, 2023 को सिडनी-दिल्ली उड़ान भरने वाले विमान एआई-301 पर एक यात्री ने मौखिक और लिखित चेतावनियों के बावजूद उड़ान के दौरान अस्वीकार्य तरीके से व्यवहार किया, जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी हुई जिनमें हमारा एक कर्मचारी भी शामिल है।’’ एयरलाइन के अनुसार, दिल्ली में विमान के ठीक तरह से उतरने पर यात्री को सुरक्षा एजेंसी के हवाले कर दिया गया और यात्री ने बाद में लिखित में माफी मांगी।

यह भी कहा गया कि डीजीसीए को घटना की ‘विधिवत जानकारी’ दी गई है। साथ ही बताया गया कि एयरलाइन ‘दुर्व्यवहार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएगी। एआई के अधिकारी को 30-सी सीट अलॉट हुई थी, पर वहां अन्य यात्री थे इसलिए उन्होंने सीट बदलने का फैसला लिया, जिसके बाद उन्हें 25 एबीसी सीट दी गई थी। सूत्र का आरोप है, ‘‘एआई के अधिकारी ने अपने सहयात्री को उसकी ऊंची आवाज को लेकर टोकना शुरू किया था, पर उनके बगले में बैठे यात्री ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और उनका सिर मरोड़कर उनके साथ गाली-गलौज की।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article