देश

Air India ने दिल्ली-वाशिंगटन उड़ान को विएना में रोका, वापसी की उड़ान भी रद्द की

एअर इंडिया के बयान के अनुसार, 'दो जुलाई को दिल्ली से वाशिंगटन डी.सी. जाने वाली उड़ान संख्या एआई103 विएना में ईंधन भरने के लिए पूर्व निर्धारित योजना के तहत रुकी। विमान की नियमित जांच के दौरान, एक विस्तारित रखरखाव कार्य की पहचान की गई, जिसे अगली उड़ान से पहले ठीक करने की आवश्यकता थी और इस प्रकार, इसे पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता थी।'

Image

एयर इंडिया उड़ान (फाइल फोटो)

दिल्ली से वाशिंगटन के लिए दो जुलाई को उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का विमान विएना में ईंधन भरने के लिए निर्धारित पड़ाव के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण अपनी यात्रा पूरी नहीं कर सका। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।इस कारण वाशिंगटन से दिल्ली के लिए निर्धारित इसकी वापसी उड़ान भी रद्द कर दी गई।

इसने कहा कि चूंकि विएना से वाशिंगटन की उड़ान रद्द कर दी गई थी, इसलिए फंसे हुए यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

एयरलाइन के अनुसार, वीजा-मुक्त प्रवेश के लिए पात्र या वैध ‘शेंगेन वीजा’ वाले यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान तक विएना में होटल में ठहराया गया है।

बयान के मुताबिक, बगैर‘शेंगेन वीजा’ वाले यात्रियों के लिए ऑस्ट्रियाई अधिकारियों द्वारा आव्रजन और सुरक्षा मंजूरी के साथ आवास की व्यवस्था की गई, जबकि अन्य यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान बुक की गई।एयरलाइन ने कहा कि विएना के रास्ते वाशिंगटन-दिल्ली उड़ान संख्या एआई104 के यात्रियों को दिल्ली के लिए वैकल्पिक उड़ानों में बुकिंग या उन्हें पूर्ण धन वापसी की पेशकश की गई।

पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण, भारत से पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ानों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है, जिसके कारण उन्हें चालक दल की ड्यूटी और आराम अवधि के मानदंडों को पूरा करने के लिए विएना में रुकना पड़ रहा है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article