देश

एयर इंडिया का बोइंग 787 प्लेन क्रैश, 230 यात्रियों के साथ थे 12 क्रू मेंबर, देखें ताजा तस्वीरें-वीडियो

Air India Plane Crash: अहमदाबाद हवाईअड्डे के पास एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 यात्री सवार थे। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। देखिए ताजा तस्वीरे और वीडियो....

Image

एयर इंडिया का बोइंग 787 प्लेन क्रैश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद हवाईअड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 यात्री सवार थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एअर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या एआई787 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर साझा करेंगे।

Air India Plane Crash

Air India Plane Crash

पुलिस ने बताया कि विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर करीब दो बजे उड़ान भरने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा कि हम हताहतों के बारे में विवरण जुटा रहे हैं। अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर भेजे गये हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद इलाके से काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने गहन बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया है।

Air India Plane Crash

Air India Plane Crash

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने एक्स से कहा कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं। हम उच्चतम अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है, और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा सहायता और राहत सहायता घटनास्थल पर पहुंचाई जाए। अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां अहमदाबाद में दुर्घटना स्थल पर पहुंच गईं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 90 कर्मियों वाली तीन टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं। एनडीआरएफ ने बताया कि वडोदरा से तीन और टीमें भेजी जा रही हैं।

उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ एयर इंडिया का विमान

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि एयर इंडिया बी787 विमान वीटी-एएनबी, अहमदाबाद से गैटविक के लिए उड़ान एआई-171 का संचालन कर रहा था, जो अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। डीजीसीए ने बताया कि विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के हाथों में थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर पोस्ट किया कि अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

विमान में सवार थे 169 भारतीय नागरिक

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए), अहमदाबाद, वर्तमान में चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article