देश

शारजाह-कोझिकोड एयर अरेबिया फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, कोच्चि एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

शारजाह से कोझिकोड जा रहे एयर अरेबिया के विमान को अचानक शनिवार को कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। बताया जा रहा है कि एयर अरेबिया के विमान में तकनीकी खामी की शिकायत दर्ज की गई।

Image

एयर अरेबिया फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

Photo : iStock

Air Arabia Flight Technical Snag: शारजाह से कोझिकोड जा रहे एयर अरेबिया के विमान को अचानक शनिवार को कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। बताया जा रहा है कि एयर अरेबिया के विमान में तकनीकी खामी की शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद विमान को कोच्चि की ओर मोड़ा गया।

क्या है पूरा मामला?

कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के मुताबिक, शारजाह से कोझिकोड जा रहे एयर अरेबिया के विमान G9-454 को शनिवार तड़के तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा। विमान के इंजन के रिवर्स थ्रस्ट सिस्टम में आई खराबी के चलते एहतियातन यह फैसला लिया गया।

इस घटना के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सुबह 3:19 बजे स्थानीय स्टैंडबाय घोषित किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 3:34 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की गई, ताकि एयरपोर्ट की सभी आपातकालीन और बचाव सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें।

तड़के हुई इमरजेंसी लैंडिंग

विमान की तड़के 3:38 बजे कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इसके बाद विमान को निर्धारित पार्किंग बे तक लाया गया और सभी निर्धारित सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद फुल इमरजेंसी को वापस ले ली गई।

बताया जा रहा है कि विमान में 170 यात्री और 9 बच्चे सवार थे। राहत की बात तो यह है कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना के बावजूद कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का सामान्य परिचालन प्रभावित नहीं हुआ और अन्य उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित हुईं।

'यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता'

बकौल रिपोर्ट, एयर अरेबिया के विमान की तकनीकी खराबी को दूर किया गया। जिसके बाद विमान ने सुबह 7:15 बजे कोझिकोड के लिए दोबारा उड़ान भरी। इस दौरान, एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article