देश

Ahmedabad Plane Crash: एयर इंडिया पायलट सभरवाल, क्रू मेंबर मैथिली का अंतिम संस्कार, बिलखकर रो पड़े पिता - PHOTOS

सुमित सभरवाल और मैथिली पाटिल दोनों के पार्थिव शरीर दुर्घटना के लगभग एक सप्ताह बाद आज दिन में अहमदाबाद से मुंबई लाए गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि सभरवाल का अंतिम संस्कार परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में उपनगरीय चकला स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया गया।

Image

बिलखकर रो पड़े कैप्टन सभरवाल के पिता

Photo : PTI

Air India pilot Sabharwal Last Rites: अहमदाबाद में पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए एर इंडिया के विमान के पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का अंतिम संस्कार मंगलवार को मुंबई में किया गया। उनके शोकाकुल पिता अपने बेटे को अंतिम विदाई देते समय बिलख पड़े। वहीं, एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 की चालक दल की सदस्य मैथिली पाटिल का रायगढ़ जिले में अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, रिश्तेदार और मित्र उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।

अहमदाबाद से मुंबई लाए गए शव

सुमित सभरवाल और मैथिली पाटिल दोनों के पार्थिव शरीर दुर्घटना के लगभग एक सप्ताह बाद आज दिन में अहमदाबाद से मुंबई लाए गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि सभरवाल का अंतिम संस्कार परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में उपनगरीय चकला स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया गया। अधिकारी ने बताया कि 56 वर्षीय अनुभवी पायलट का अंतिम संस्कार करने के बाद उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य पूर्वाह्न करीब 11.15 बजे श्मशान घाट से चले गए।

कैप्टन सभरवाल का हुआ अंतिम संस्कार

कैप्टन सभरवाल का हुआ अंतिम संस्कार

रिश्तेदार और स्थानीय निवासियों ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले सुबह सभरवाल का पार्थिव शरीर एक ताबूत में रखकर विमान से सुबह मुंबई हवाई अड्डे लाया गया। इसके बाद सभरवाल के परिवार के सदस्य पार्थिव शरीर को पवई के जलवायु विहार स्थित उनके आवास ले गए। सभरवाल के कई मित्र और रिश्तेदार और स्थानीय निवासी श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास के बाहर एकत्र हुए। सभरवाल के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में व्यवसायी निरंजन हीरानंदानी और स्थानीय विधायक दिलीप लांडे शामिल थे। दिवंगत पायलट के बुजुर्ग पिता पुष्करराज भावुक हो गए और उन्होंने हाथ जोड़कर अपने बेटे को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कैप्टन सुमित सभरवाल को अंतिम विदाई

कैप्टन सुमित सभरवाल को अंतिम विदाई

241 लोगों की हुई थी मौत

इसके बाद पायलट के पार्थिव शरीर को एक शव वाहन में चकला स्थित विद्युत शवदाह गृह ले जाया गया। एअर इंडिया के विमान एआई-171 में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे जो 12 जून को लंदन जा रहा था और अहमदाबाद में हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान के एक मेडिकल कॉम्प्लेक्स से टकराने के कारण उसमें सवार एक यात्री को छोड़कर सभी की मौत हो गई थी, जबकि जमीन पर 29 लोगों की भी मौत हो गई थी। विमान में सवार सिर्फ एक यात्री जिंदा बचा था।

8,200 घंटे की उड़ान का था अनुभव

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पहले एक बयान में कहा था कि उड़ान की कमान सभरवाल के पास थी, साथ ही फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे। बयान के अनुसार सभरवाल के पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे का अनुभव था। विमान ने दोपहर 1.39 बजे अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरी। विमान के पायलट (सभरवाल) ने उड़ान भरने के तुरंत बाद अहमदाबाद के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को 'मेडे' कॉल की, जो पूर्ण आपातकाल की सूचना थी।

अंतिम विदाई देने उमड़े लोग

अंतिम विदाई देने उमड़े लोग

डीएनए से हुई मैथिली के शव की पहचान

कुछ ही क्षणों बाद, विमान (एआई 171), जो एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था, हवाई अड्डे के परिसर के बाहर स्थित डॉक्टरों हॉस्टल से टकरा गया। एयर इंडिया की चालक दल की सदस्य मैथिली पाटिल का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। वह दुर्घटना में मारे गए चालक दल के 12 सदस्यों में से एक थीं। एक अधिकारी ने कहा कि डीएनए मिलान के माध्यम से उनके शव की पहचान करने के बाद, पार्थिव शरीर को अहमदाबाद में उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया और मंगलवार सुबह मुंबई लाया गया।

उन्होंने बताया कि पाटिल के पार्थिव शरीर को रायगढ़ जिले के न्हावा गांव ले जाया गया, जहां उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों और स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पाटिल दो साल पहले एअर इंडिया में चालक दल की सदस्य के तौर पर शामिल हुई थीं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article