देश

'देश रहेगा तभी पार्टियां होंगी, और राजनीति भी तभी होगी', विदेश सचिव की ब्रीफिंग के बाद बोले सपा सांसद राजीव राय

बाहरी देशों में सर्वदलीय शिष्टमंडल का रुख क्या होगा, इसकी ब्रीफिंग विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार को डेलिगेशन में शामिल सांसदों को दी। ब्रीफिंग के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हम भारत के प्रतिनिधि के रूप में जा रहे हैं। देश सबसे बड़ा है, इससे बढ़कर कुछ भी नहीं है।

Image

सर्वदलीय शिष्टमंडल में सपा सांसद राजीव राय भी शामिल हैं।

SP MP Rajeev Rai : आतंकवाद के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में दुनिया के बड़े एवं अपने सहयोगी देशों को जानकारी देने के लिए भारत सरकार अपना 7 सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजने जा रही है। विदेश जाने वाले सर्वदलीय शिष्टमंडल की ब्रीफिंग भी शुरू हो गई है। बाहरी देशों में भारत का रुख क्या होगा, इसकी ब्रीफिंग विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार को शिष्टमंडल में शामिल सांसदों को दी। ब्रीफिंग के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हम भारत के प्रतिनिधि के रूप में जा रहे हैं। देश सबसे बड़ा है। कोई पार्टी नहीं है। देश रहेगा तभी पार्टी होगी और तभी राजनीति भी होगी।'

दुनिया भर में हम PAK को बेनकाब करेंगे-राय

उन्होंने कहा, 'आतंकवाद पर हमारा रुख क्या है, पहलगाम से लेकर सीजफायर तक क्या-क्या हुआ और इन सबमें पाकिस्तान किस तरह से शामिल है, हमारी उम्मीदें क्या हैं...इन सभी मुद्दों पर चर्चा हुई। हमें पाकिस्तान को बेनकाब करना है। देशों को हम बताएंगे कि भारत कभी भी पाकिस्तान, उसकी सेना या वहां के लोगों के खिलाफ नहीं थाी। हमने केवल आतंकवादी ढांचों पर हमले किए।'

ब्रीफिंग में कनिमोई, संजय झा भी हुए शामिल

मिसरी ने पहलगाम आतंकवादी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद विभिन्न देशों को भारत के रुख से अवगत कराने के लिए विदेश यात्रा पर जा रहे सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से तीन को मंगलवार को संबंधित चीजों की जानकारी दी। जद(यू) के संजय झा, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे और द्रमुक की कनिमोई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ‘ब्रीफिंग’ में भाग लिया, जिसमें उन्हें उनके एजेंडे और उसके विस्तृत विवरण के बारे में बताया गया।

ब्रीफिंग में शामिल हुए TMC सांसद अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी भी बैठक में शामिल हुए, जिन्हें अंतिम समय में प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया, क्योंकि उनकी पार्टी ने अपने सांसद यूसुफ पठान को सरकार द्वारा चुने जाने के ‘एकतरफा’फैसले का विरोध किया था। बनर्जी, जद(यू) नेता झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं, जो जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, इंडोनेशिया और सिंगापुर की यात्रा करेगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article