Himachal Adventure: हिमाचल प्रदेश सरकार ने मानसून के कारण 15 जुलाई से 15 सितंबर तक दो महीने के लिए राज्य में रोमांचक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।यहां जारी अधिसूचना में कहा गया कि उल्लंघन करने पर पर्यटन विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।इसमें कहा गया कि हर साल बरसात के मौसम में रोमांचक गतिविधियां दो महीने के लिए बंद रहती हैं।
पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, पानी में होने वाली गतिविधियों और अन्य गतिविधियों में शामिल होने के लिए दो महीने तक इंतजार करना पड़ता है। कांगड़ा जिले के धर्मशाला शहर के पास पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त होने से गंभीर रूप से घायल एक पर्यटक की सोमवार को अस्पताल में मौत हो गई।
मृत व्यक्ति की पहचान गुजरात निवासी 27 साल के सतीश के रूप में हुई है, जिसने रविवार को शहर के उपनगरीय इलाके में स्थित इंद्रू नाग पैराग्लाइडिंग साइट से पैराग्लाइडर पायलट सूरज के साथ मिलकर उड़ान भरी थी, लेकिन थोड़ी ही दूरी पर उनका पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गया। दुर्घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है, सूरज का इलाज जारी है।
भाषा इनपुट के साथ
