देश

योगी आदित्यनाथ ने मोहन भागवत से की मुलाकात, संघ प्रमुख क्यों कर रहे UP का लगातार दौरा?

मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में, आरएसएस प्रमुख ने घटती हिंदू आबादी, जबरन धर्मांतरण और घुसपैठियों को निर्वासित करने जैसे मुद्दों पर बात की और हिंदू एकता का आह्वान किया। यह आरएसएस प्रमुख की यात्रा का दूसरा और अंतिम दिन था।

Image

सीएम योगी ने की भागवत से मुलाकात (File Photo)

Photo : PTI

CM Yogi Meets Mohan Bhagwat: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भगवत से मुलाकात की, जो आरएसएस के शताब्दी वर्ष के प्रचार अभियान के तहत दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। सीएम योगी, भागवत से मिलने के लिए रात करीब 8 बजे निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच हुई लगभग 40 मिनट लंबी बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

भागवत का राज्य का लगातार दौरा महत्वपूर्ण

भागवत का राज्य का लगातार दौरा महत्वपूर्ण है क्योंकि एक साल बाद राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भागवत जनवरी में 10 दिवसीय दौरे पर मथुरा में थे। फरवरी में वे फिर से उत्तर प्रदेश पहुंचे और अपने दौरे की शुरुआत गोरखपुर के तीन दिवसीय दौरे से की, जिसके बाद वे लखनऊ के अपने वर्तमान दौरे पर हैं। आरएसएस का कहना है कि यह घटनाक्रम संघ के शताब्दी वर्ष के प्रचार अभियान का हिस्सा है।

मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में, आरएसएस प्रमुख ने घटती हिंदू आबादी, जबरन धर्मांतरण और घुसपैठियों को निर्वासित करने जैसे मुद्दों पर बात की और हिंदू एकता का आह्वान किया। यह आरएसएस प्रमुख की यात्रा का दूसरा और अंतिम दिन था।

मोहन भागवत ने लखनऊ विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से मुलाकात की

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) संबंधी नये नियमों को लेकर जारी बहस के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। भागवत का लखनऊ विश्वविद्यालय का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब देश में यूजीसी संबंधी नये नियमों को लेकर चर्चा जारी है। लखनऊ विश्वविद्यालय में भी इन नियमों के खिलाफ प्रदर्शन हुए थे। सूत्रों ने बताया कि संघ प्रमुख ने विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों से मुलाकात की। कार्यक्रम से पहले कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के सदस्यों ने भागवत के विश्वविद्यालय के दौरे के खिलाफ प्रदर्शन किया।

एनएसयूआई की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष अहमद रजा खान ने को बताया कि संगठन का यह प्रदर्शन भागवत के लखनऊ विश्वविद्यालय आगमन के विरोध में था। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ ने समाज के ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया है, ऐसे में संघ प्रमुख का एक ऐसे विश्वविद्यालय में जाना सही नहीं है जो धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। प्रदर्शन में शामिल रहे खान ने कहा कि उनके साथ शामिल हुए पांच और लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को स्थानीय हसनगंज थाने ले जाया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में रखा गया। उन्होंने बताया कि संघ प्रमुख का कार्यक्रम खत्म होने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article