देश

Delhi Pollution: 'दिल्ली की CM रेखा गुप्ता हैं, केजरीवाल...', प्रदूषण को लेकर LG की चिट्ठी पर AAP का पलटवार

Arvind Kejriwal Vs VK Saxena On Pollution: दिल्ली में प्रदूषण को लेकर LG वी.के. सक्सेना और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। LG की 15 पन्नों की चिट्ठी पर AAP ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उपराज्यपाल दिल्लीवासियों को प्रदूषण में छोड़ गुजरात में समय बिता रहे हैं। AAP का कहना है कि प्रदूषण का असर LG की याददाश्त पर पड़ गया है और वे भूल गए हैं कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं।

Image

Delhi Pollution: 'दिल्ली की CM रेखा गुप्ता हैं, केजरीवाल...', प्रदूषण को लेकर LG की चिट्ठी पर AAP का पलटवार

Arvind Kejriwal Vs VK Saxena On Pollution: आम आदमी पार्टी ने लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना द्वारा प्रदूषण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखे जाने पर पलटवार किया है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि एलजी दिल्लीवासियों को प्रदूषण में छोड़ गुजरात में घूम रहे हैं। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि दिल्ली गंभीर प्रदूषण की चपेट में है, लेकिन LG गुजरात में समय बिता रहे हैं और राजधानी की जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ चुके हैं।

एलजी की याददाश्त पर प्रदूषण का असर: आम आदमी पार्टी

अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि दिल्ली के प्रदूषण का असर एलजी की याददाश्त पर पड़ गया है और वे यह भूल गए हैं कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं, न कि अरविंद केजरीवाल। उन्होंने कहा कि LG बार-बार केजरीवाल का नाम लेकर राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।ॉ

प्रदूषण पर दिल्ली सरकार पूरी तरह विफल: AAP

AAP नेता ने यह भी दावा किया कि दिल्ली सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और इसी नाकामी से ध्यान भटकाने के लिए LG को आगे कर बयानबाजी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार असल मुद्दों जैसे- प्रदूषण, स्वास्थ्य और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर काम करे, न कि पत्रों की राजनीति करे।

एलजी ने केजरीवाल को लिखी 15 पन्नों की चिट्ठी

दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वी.के. सक्सेना और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच चल रही खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आई है। बता दें कि उपराज्यपाल ने केजरीवाल को 15 पन्नों की चिट्ठी लिखकर उन पर दिल्ली को 'गैस चैंबर' बनाने और 11 वर्षों तक आपराधिक निष्क्रियता बरतने का आरोप लगाया है।

यह केजरीवाल की गलतियों का परिणाम: एलजी

एलजी ने केजरीवाल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार की गलतियों के कारण आज राजधानी आपातकालीन प्रदूषण झेल रही है। पत्र में उपराज्यपाल ने दावा किया है कि पिछले 11 वर्षों में AAP सरकार की उपेक्षा और गलत नीतियों के चलते ही आज दिल्ली आपातकालीन वायु प्रदूषण की स्थिति का सामना कर रही है। चिट्ठी में उपराज्यपाल ने दावा किया है कि पिछले 11 वर्षों में AAP सरकार की उपेक्षा और गलत नीतियों के चलते ही आज दिल्ली आपातकालीन वायु प्रदूषण की स्थिति का सामना कर रही है।

एलजी ने किए सनसनीखेज खुलासे

चिट्ठी में LG ने दावा करते हुए कहा कि जब उन्होंने प्रदूषण पर केजरीवाल से बात की थी, तो उनका जवाब था, "सर, यह हर साल होता है। 15-20 दिन मीडिया इसे उठाती है, फिर सब भूल जाते हैं। आप भी इस पर ज्यादा ध्यान मत दीजिए।"

जवाबदेही से बचती रही केजरीवाल सरकार: वीके सक्सेना

उपराज्यपाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने राजनीतिक मर्यादाओं, संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया। जवाबदेही से बचने के लिए फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं किए गए, साप्ताहिक कैबिनेट बैठकों की परंपरा खत्म कर दी गई और CAG रिपोर्टें विधानसभा में पेश नहीं की गईं।

सक्सेना ने 15 पन्नों के पत्र में, आम आदमी पार्टी के प्रमुख पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘‘तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए 10 महीने की भाजपा सरकार के समक्ष अनावश्यक रूप से जटिलताएं पैदा कर दी हैं, जो उनके द्वारा की गई गलतियों को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।’’

उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में करारी हार के बावजूद, केजरीवाल और उनकी पार्टी ने नतीजों से सबक नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ‘‘दिल्ली की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर तुच्छ राजनीति करने और झूठ फैलाने में लगी हुई है।’’

उपराज्यपाल ने लिखा, ‘‘पिछले 11 वर्षों में आम आदमी पार्टी सरकार की निष्क्रियता ही राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की इस गंभीर स्थिति के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है। केजरीवाल सरकार ने सिर्फ तत्कालीन पंजाब सरकार और भारत सरकार को दोषी ठहराया। उसने धूल उत्सर्जन को रोकने के लिए कभी कोई कदम नहीं उठाया, जो दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुख्य कारण है।’’

एक गजल की पंक्तियां उद्धृत करते हुए, सक्सेना ने लिखा, ‘‘जब किसी से कोई गिला रखना, सामने अपने आईना रखना।’’ उपराज्यपाल ने कहा कि वह इन चिंताओं को व्यक्तिगत रूप से या फोन पर व्यक्त कर सकते थे, लेकिन केजरीवाल ने चुनावी हार के बाद उनसे मिलना बंद कर दिया और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article