LIVE

आज की ताजा खबर, 5 अगस्त 2023: चांद के और पास पहुंचा चंद्रयान-3, दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके

शिशुपाल कुमारUpdated Aug 5, 2023, 23:40 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 5 अगस्त 2023: चांद के और पास पहुंचा चंद्रयान-3, दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके

आज की ताजा खबर, 5 अगस्त 2023: चांद के और पास पहुंचा चंद्रयान-3, दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 5 अगस्त 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: चंद्रमा के लिए भारत के महत्वाकांक्षी मिशन का ‘चंद्रयान-3’ शनिवार को चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हो गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी। बेंगलुरु मुख्यालय वाली राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने एक ट्वीट में कहा कि आवश्यक प्रक्रिया यहां इसरो केंद्र से की गई। इसरो ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चंद्रमा की कक्षा में स्थापित हो गया है। मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (एमओएक्स), आईएसटीआरएसी (इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क), बेंगलुरु से इसे बढ़ाने का कमान दिया गया।’’ इसरो ने कहा कि अगला ऑपरेशन कक्षा घटाने का कार्य रविवार रात 11 बजे किया जाएगा। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

AUG 05, 2023 23:40 IST

ओडिशा के कंधमाल जिले में थाने को फूंका

ओडिशा के कंधमाल जिले में पुलिसकर्मियों के कथित तौर पर गांजा तस्करी में संलिप्त होने से गुस्साई भीड़ ने शनिवार को एक थाने को आग लगा दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना फिरिंगिया थाने में हुई और घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोग थाने में आए और कुछ पुलिसकर्मियों के मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए थाने में आग लगा दी। दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्यब्रत भोई ने बताया कि प्रर्दशनकारियों ने पुलिस थाने में मौजूद फर्नीचर को लूट लिया और कई दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया।
AUG 05, 2023 22:24 IST

दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके

शनिवार की रात दिल्ली-एनसीआर में भूकंप में तेज झटके महसूस किए गए। ये कंपन नौ बजकर 31 मिनट के आसपास महसूस की गई थी। देश की राजधानी से सटे एनसीआर (यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और हरियाणा के गुरुग्राम व फरीदाबाद) में भी इस दौरान धरती कांपी। वैसे, ये झटके जम्मू और कश्मीर में भी महसूस किए गए। वहां भूकंप के झटकों की तीव्रता 5.6 मैग्नीट्यूड आंकी गई, जबकि इसका एपिकसेंटर (केंद्र) अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में (तीव्रता 5.8 रिक्टर स्केल) जमीन की गहराई से 194 किलोमीटर नीचे था। रात के वक्त जब ये झटके महसूस किए गए, तब लोग आनन फानन अपने घरों से बाहर निकल आए थे।
AUG 05, 2023 22:21 IST

चंद्रयान-3 चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित

चंद्रमा के लिए भारत के महत्वाकांक्षी मिशन का ‘चंद्रयान-3’ शनिवार को चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हो गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी। बेंगलुरु मुख्यालय वाली राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने एक ट्वीट में कहा कि आवश्यक प्रक्रिया यहां इसरो केंद्र से की गई। इसरो ने एक ट्वीट में कहा, 'चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चंद्रमा की कक्षा में स्थापित हो गया है। मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (एमओएक्स), आईएसटीआरएसी (इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क), बेंगलुरु से इसे बढ़ाने का कमान दिया गया।' इसरो ने कहा कि अगला ऑपरेशन कक्षा घटाने का कार्य रविवार रात 11 बजे किया जाएगा।
AUG 05, 2023 22:20 IST

चंद्रमा के ऑर्बिट में पहुंचा चंद्रयान 3

इसरो ने बताया है कि चंद्रयान 3 चंद्रमा के और करीब पहुंच गया है। शाम 7.15 बजे लूनर ऑर्बिट इंजेक्शन (एलओआई) के जरिए यान अपनी कक्षा बदलकर चंद्रमा के ऑर्बिट में पहुंच गया। आपको बताते हैं कि अब चंद्रयान 3 चांद से कितने कदम की दूरी पर है। अब चंद्रयान-3 चांदे महज 5 कदम की दूरी पर है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 21:12 IST

दिल्ली सेवा बिल सोमवार को राज्यसभा में होगा पेश

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 लोकसभा में पारित हो चुका है। अब सोमवार को इस बिल को पेश किया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि राज्यसभा में भी इसे मंजूरी मिलनी लगभग तय है। विपक्ष की ओर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी बहस की शुरुआत कर सकते हैं।
AUG 05, 2023 18:33 IST

हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश

AUG 05, 2023 18:32 IST

गिरफ्तारी से पहले इमरान ने सरकार से क्या पूछा?

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी गिरफ्तारी से एक दिन पहले दावा किया था कि उनकी पार्टी अगले चुनाव में भारी जीत हासिल करेगी क्योंकि सेना समर्थित सरकार द्वारा प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से उनकी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री खान (70) को शनिवार को उनके लाहौर के जमान पार्क निवास से गिरफ्तार किया गया था, जब इस्लामाबाद ट्रायल कोर्ट ने उन्हें सत्ता में रहने के दौरान महंगे सरकारी उपहारों की बिक्री पर भ्रष्टाचार के मामले में उनकी अनुपस्थिति में तीन साल जेल की सजा सुनाई थी। खान ने शुक्रवार रात यूट्यूब पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा, 'सैन्य प्रतिष्ठान और सरकार को डर है कि पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) चुनाव में जीत हासिल करेगी। नौ मई की घटनाएं (सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला) एक बहाना हैं क्योंकि उन्होंने (सेना और सरकार) पहले ही मेरी पार्टी को कुचलने की योजना बना ली थी। जब पार्टी का वोट बैंक बढ़ रहा है तो आप इसे कैसे कुचलोगे?'
AUG 05, 2023 18:30 IST

भाजयुमो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ा

राजस्थान के जयपुर में सरकार बनाम भाजपा की जंग तेज होती जा रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो के कुछ कार्यकर्ताओं ने भीलवाड़ा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में विरोध जताने के लिए यहां मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर सरकार को घेरने के लिए सिविल लाइंस इलाके की ओर मार्च किया। पुलिस ने निषिद्ध क्षेत्र में बैरिकेड लगा रखे थे। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड को पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
AUG 05, 2023 17:44 IST

बीजेपी सांसद राम शंकर कठेरिया को दो साल की सजा

भाजपा सांसद राम शंकर कठेरिया को 12 साल पुराने मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने दोषी करार देते हुए दो साल की जेल की सजा सुनाई। आगरा सांसद पर अदालत ने जुर्माना भी लगाया है। इस सजा के बाद कठेरिया की सांसदी जानी लगभग तय मानी जा रही है।
AUG 05, 2023 16:59 IST

Uttar Pradesh: प्रयागराज के करेली में बमबाजी

AUG 05, 2023 16:52 IST

ज्ञानवापी सर्वे के दूसरे दिन मिले ये सबूत!

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर का लगातार दूसरे दिन वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया। हिंदू पक्ष के सूत्रों की ओर से कुछ टीवी न्यूज चैनलों से दावा किया गया कि सर्वे के दौरान हिंदू धर्म से जुड़ी कलाकृतियां और प्रतीक मिले। पश्चिमी दीवार से सटे तहखाने में चार फुट की मूर्ति मिली है और इस प्रतिमा पर कुछ कलाकृतियां भी हैं। यही नहीं, एक-दो फुट का त्रिशूल भी मिला है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 16:09 IST

इमरान खान गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला

इमरान खान के सियासी करियर पर ऐसा दाग लगा, जिसके चलते अब वो जेल की हवा खाएंगे। तोशाखाना मामले में उन्हें तीन साल की सजा मिलने के बाद शनिवार को इमरान की गिरफ्तारी हो गई है। सजा मिलने के बाद इमरान खान पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 14:41 IST

पश्चिम बंगाल में सेप्टिक टैंक में उतरे दो श्रमिकों की मौत

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में शनिवार को सेप्टिक टैंक में उतरे दो श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाले श्रमिकों की पहचान गणेश मन्ना और सुब्रत दास के रूप में हुई है तथा दोनों की उम्र 40 वर्ष थी। पुलिस ने कहा, ''दोनों श्रमिक सिंगू्र के रतनपुर गांव के एक घर में सेप्टिक टैंक के अंदर मौजूद एक तख्ता हटाने आए थे। टैंक का निर्माण दो से तीन महीने पहले हुआ था।''
AUG 05, 2023 13:59 IST

तोशाखाना मामले में इमरान खान दोषी करार

Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को तोशाखाना मामले में दोषी पाया गया है और तीन साल जेल की सजा सुनाई गई है। उनकी पार्टी ने एक ट्वीट में कहा कि पीटीआई अध्यक्ष को उनके जमान पार्क स्थित घर से गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 12:55 IST

शैलेश लोढ़ा ने जीता असित मोदी के खिलाफ केस

Tarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा से शैलेश लोढ़ा (Shailesh Lodha) को घर-घर में पहचान मिली। शो में शैलेश तारक मेहता का किरदार निभाते थे। पिछले कुछ समय से शो के प्रोड्यूसर असित मोदी (Asit Modi) और शैलेश के खिलाफ अनबन चल रही है। एक्टर ने 14 साल बाद इस शो को पिछले साल छोड़ दिया था। एक्टर ने शो के मेकर पर बकाया पैसे नहीं देने का आरोप लगाते हुए केस किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, शैलेश ये केस जीत चुके हैं। एक्टर अपनी इस जीत से बेहद खुश है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 12:19 IST

न्यूयॉर्क में दंगा

US News: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक यूट्यूबर के कारण दंगा भड़क गया। यूट्यूबर का नाम काई सेनट (Kai Cenat) है, जिसने अपने फैंस को गिफ्ट लेने के लिए आमंत्रित किया था। इसे लेकर काई ने एक वीडियो डाला था जिसमें उसने कहा था कि उसके फैंस यूनियन स्क्वाॅयर पहुंचें, जहां वह अन्य चीजों के अलावा मुफ्त प्लेस्टेशन कंसोल और उपहार कार्ड बांटेगा। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 11:16 IST

मणिपुर में उग्रवादियों ने तीन लोगों की हत्या की

णिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार देर रात उग्रवादियों ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार सुबह बताया कि जिले के क्वाक्टा इलाके में तीनों लोगों को सोते समय गोलियां मारी गईं और फिर उन पर तलवार से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, हमलावर चुराचांदपुर से आए थे।
AUG 05, 2023 09:55 IST

पाकिस्तान के यूट्यूबर ने नूंह में भड़काई हिंसा

हरियाणा के नूंह जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। पाकिस्तान के यूट्यूबर ने नूंह में हिंसा भड़काई। सोशल मीडिया पर टूल किट का इस्तेमाल हुआ। पाक यूट्यूबर ने अपनी लोकेशन राजस्थान बताई। अलवर का लोकेशन डालकर वीडियो अपलोड किए गए थे। नूंह में हुई हिंसा में अब तक मोनू मानेसर और विधायक मामन खान पर भड़काने के आरोप लग रहे थे लेकिन अब पुलिस को कुछ ऐसे सबूत हाथ लगे हैं, जिसमें हिंसा के पाकिस्तान कनेक्शन की बात सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 05, 2023 08:39 IST

छत्रपति शिवाजी महाराज पर टिप्पणी को लेकर कैथोलिक पादरी पर मामला दर्ज

गोवा में एक कैथोलिक पादरी पर मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक उपदेश के दौरान की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि फादर बोलमैक्स परेरा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला रात 10 बजे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मामला वास्को थाने में दर्ज किया गया है, हालांकि दक्षिण गोवा के क्यूनकोलिम और कैनाकोना सहित अन्य थानों में भी शिकायतें मिली हैं। इससे पहले परेरा ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी थी लेकिन यह भी कहा था कि 17वीं शताब्दी के राजा पर उनके बयान को ‘‘संदर्भ से बाहर और गलत अर्थ में देखा गया’’।
AUG 05, 2023 08:26 IST

दिल्ली-NCR में बारिश

Weather Update: सुबह-सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। यूं कहिए कई दिनों की उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक यहां आसमान में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने शहर के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना जतायी है और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर