देश

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें, 16-May-2026: राहुल गांधी ने की धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, PAK में धुरंधर 2 की जोरदार चर्चा

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें (Top Hindi News Today) 16-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार को कई बड़ी और अहम घटनाएं हुईं तो चलिए विस्तार से दिनभर की 10 बड़ी खबरों के बारे में जानते हैं।

Image

आज की 10 बड़ी खबरें (फोटो साभार: AI)

Photo : Times Now Digital

आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 16-May-2026: देश और दुनिया में गुरुवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने एक और गिरफ्तारी की है। वहीं, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...

1. NEET पेपर लीक केस में CBI की बड़ी कार्रवाई

नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई को शनिवार को एक और बड़ी कामयाबी मिली। सीबीआई ने पेपर लीक मामले के एक और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। हालिया गिरफ्तारी एक वरिष्ठ बॉटनी टीचर की दिल्ली से हुई है।

2. NEET पेपर लीक पर राहुल ने केंद्र को घेरा

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 22 लाख नीट छात्रों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर एक शब्द तक नहीं बोल रहे हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी या तो धर्मेंद्र प्रधान को पद से तत्काल हटाएं।

3. PAK को सेना प्रमुख की चेतावनी

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को लेकर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ आतंक फैलाना जारी रखता है, तो उसे खुद तय करना होगा कि वह भविष्य में दुनिया के नक्शे पर रहना चाहता है या इतिहास बनना चाहता है।

4. क्या ईरान पर फिर कहर बरपाएंगे अमेरिका-इजरायल?

अमेरिका और इजराइल अगले हफ्ते एक बार फिर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को अंजाम दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेंटागन ने कई सैन्य विकल्प तैयार किए हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस पर अंतिम फैसला लेंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी है।

5. नीदरलैंड में प्रवासी भारतीयों से क्या बोले पीएम मोदी

भारत को ’’अवसरों की भूमि’’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश अभूतपूर्व परिवर्तन से गुजर रहा है और इसकी आकांक्षाएं "अब इसकी सीमाओं तक सीमित नहीं हैं"। नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत बड़े सपने देख रहा है और उसके युवा आसमान छूने की आकांक्षा रखते हैं।

6. आसनसोल हिंसा मामले में कार्रवाई तेज

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पुलिस चौकी पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अबतक 15 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

7. योगी आदित्यनाथ की महराजगंज को बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में 208 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में माफिया और अराजकता पर लगाम लगाकर सुशासन स्थापित किया है।

8. ममता बनर्जी का संगठन पर फोकस

तृणमूल कांग्रेस के सबसे बुरी चुनावी हार का सामना करने के बाद शुक्रवार को पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाग लेने वाले अपने उम्मीदवारों से पार्टी संगठन को फिर से खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते हैं वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं।

9. 'धुरंधर 2' पाकिस्तान में ट्रेंडिंग

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर पाकिस्तान में जबरदस्त चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि फिल्म के नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही प्लेटफॉर्म का सर्वर क्रैश हो गया और यह पाकिस्तान में नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बन गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

10. IPL में KKR और गुजरात की टक्कर

IPL 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। ईडन गार्डंस में खेले जा रहे इस मुकाबले में कोलकाता के लिए जीत बेहद अहम मानी जा रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article