Covid Death: देश के कई राज्यों में कोविड मामलों में वृद्धि के बाद अब मौतें भी होने लगी हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कोविड से संक्रमित एक शख्स की मौत हो गई है। शख्स को और भी बीमारी थी।
बेंगलुरु में कोविड से मौत
राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि बेंगलुरू में कोरोना वायरस से संक्रमित व कई अन्य बीमारियों से ग्रस्त 84 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। कर्नाटक में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, अकेले बेंगलुरु में 30 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि कोविड से घबराने की जरूरत नहीं है।
महाराष्ट्र में भी एक मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शनिवार को कोविड-19 से एक मरीज की मौत हो गई, जबकि संक्रमण के आठ नए मामलों की पुष्टि हुई है। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने यह जानकारी दी। नगर निकाय के मुताबिक, शहर में कोविड-19 के 18 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से केवल एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य घर पर ही पृथकवास में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। टीएमसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, गंभीर मधुमेह से पीड़ित 21 वर्षीय एक व्यक्ति की सुबह कलवा स्थित नगर निकाय द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में अन्य बीमारियों के कारण मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिरुद्ध मालगांवकर ने बताया कि उसे मधुमेह संबंधी जटिलताओं के कारण बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था और शुक्रवार रात उसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
