देश

मोरबी पुल हादसे मामले में बाप-बेटे समेत 9 लोग गिरफ्तार, पुलिस ने जांच के लिए SIT की गठित

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 1, 2022, 12:52 AM IST

गुजरात के मोरबी में रविवार शाम ब्रिटिश काल का एक पुल गिरने से कम से कम 134 लोगों की मौत हो गई है। वहीं करीब 177 लोगों को बचा लिया गया है। बचाव टीम कई अन्य लोगों की तलाश कर रही है, जो अभी भी लापता हैं। घायलों का फिलहाल इलाज चल रहा है।

मोरबी पुल हादसे (Morbi Bridge Collapse) मामले में गुजरात पुलिस (Gujarat Police) ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले इन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में 2 मैनेजर, 2 ठेकेदार, जिसमें एक पिता तो दूसरा उसी का पुत्र है। 3 सिक्योरिटी गार्ड और 2 टिकट क्लर्क शामिल है।

इस मामले में जिन नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें ओरेवा कंपनी के मैनेजर दिनेश दवे और दीपक पारेख, टिकट विंडो क्लर्क मनसुखभाई टोपिया और मादेवभाई लखभाई सोलंकी, सुरक्षा गार्ड अल्पेश गोहिल, दिलीप गोहिल और मुकेश चौहान, ठेकेदार प्रकाश परमार और देवांग परमार शामिल हैं। साथ ही इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन भी कर दिया है।

बता दें कि गुजरात पुलिस ने पुल के रखरखाव और संचालन का काम करने वाली एजेंसियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) और 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मोरबी के पुलिस अधीक्षक राहुल त्रिपाठी ने कहा था कि रविवार रात प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कुछ लोगों को प्रारंभिक पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम मोरबी में माच्छू नदी पर बना पुल गिरने से कम से कम 134 लोगों की मौत हो गई।

मच्छू नदी पर बने पुल को मरम्मत के लिए सात महीने से बंद कर दिया गया था। इसे 26 अक्टूबर, गुजराती नव वर्ष पर जनता के लिए फिर से खोल दिया गया था। जिसके बाद यह हादसा हो गया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article