Republic Day 2026: देश मना रहा 77वां गणतंत्र दिवस, कर्तव्य पथ सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का होगा भव्य प्रदर्शन
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 26, 2026, 12:45 AM IST
गणतंत्र दिवस परेड में इस बार भारत की आधुनिक सैन्य क्षमताओं और स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का प्रभावशाली प्रदर्शन होगा। कर्तव्य पथ पर ब्रह्मोस और आकाश जैसी अत्याधुनिक हथियार प्रणालियां, गहन मारक क्षमता वाला ‘सूर्यास्त्र’ रॉकेट लॉन्चर सिस्टम और अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
देश मना रहा 77वां गणतंत्र दिवस।
देश पूरे उत्साह, गर्व और राष्ट्रभक्ति के माहौल में आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड इसकी सबसे बड़ी झलक होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस ऐतिहासिक समारोह का नेतृत्व करेंगी। परेड की शुरुआत पूर्वाह्न 10:30 बजे होगी और यह करीब 90 मिनट तक चलेगी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखा गया है, जो देश की आजादी, एकता और राष्ट्रीय चेतना को समर्पित है।
कर्तव्य पथ पर दिखेगी भारत की सैन्य ताकत
गणतंत्र दिवस परेड में इस बार भारत की आधुनिक सैन्य क्षमताओं और स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का प्रभावशाली प्रदर्शन होगा। कर्तव्य पथ पर ब्रह्मोस और आकाश जैसी अत्याधुनिक हथियार प्रणालियां, गहन मारक क्षमता वाला ‘सूर्यास्त्र’ रॉकेट लॉन्चर सिस्टम और अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही हालिया अभियानों और रणनीतिक तैयारियों को दर्शाने वाले सैन्य प्लेटफॉर्म भी परेड का हिस्सा होंगे ।अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान तैनात प्रमुख हथियार प्रणालियों के मॉडल भी परेड में प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे देश की रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुए प्रयासों की झलक मिलेगी।पहली बार दिखेंगी नई सैन्य इकाइयां
इस वर्ष की परेड में कई नई और ऐतिहासिक पहल की जा रही हैं। पहली बार नवगठित ‘भैरव लाइट कमांडो’ बटालियन और शक्तिबन रेजिमेंट परेड में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा दुर्गम और सीमावर्ती इलाकों में सेना की भूमिका को दर्शाने के लिए ज़ांस्कर पोनी और बैक्ट्रियन ऊंट भी परेड में शामिल होंगे।
एक और खास आकर्षण यह होगा कि सेना की 61 कैवेलरी के घुड़सवार जवान इस बार पारंपरिक औपचारिक वर्दी के बजाय युद्धक साजो-सामान में नजर आएंगे। स्वदेशी प्लेटफॉर्म समेत सेना की प्रमुख परिसंपत्तियां जवानों के साथ ‘चरणबद्ध युद्ध संरचना’ में कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ेंगी, जो आधुनिक युद्ध तैयारियों का प्रतीक होगा।
विकास और संस्कृति का भी होगा प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस समारोह केवल सैन्य परेड तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें भारत की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समावेशन की झलक भी देखने को मिलेगी। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां देश की लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास मॉडल को दर्शाएंगी। यह आयोजन भारत की “एकता में विविधता” की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।
10,000 पुलिसकर्मियों के साथ अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने बहुस्तरीय और अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की है। नई दिल्ली क्षेत्र में लगभग 10,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नई दिल्ली) देवेश कुमार महाला के अनुसार, परेड मार्ग और आसपास के इलाकों में कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो वीडियो एनालिटिक्स और फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) से लैस हैं। लगभग 30 नियंत्रण कक्षों में 150 से अधिक कर्मी चौबीसों घंटे लाइव फीड की निगरानी करेंगे।
एआई चश्मे और मोबाइल निगरानी वाहन
इस बार सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट चश्मों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इन एआई चश्मों के जरिए पुलिसकर्मियों को अपराधियों, संदिग्धों और घोषित अपराधियों की पहचान वास्तविक समय में करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा रणनीतिक स्थानों पर एफआरएस तकनीक से लैस मोबाइल निगरानी वाहन भी तैनात किए गए हैं।
नई दिल्ली, उत्तर दिल्ली और मध्य दिल्ली में हजारों इमारतों की छतों की पहचान कर निगरानी की जा रही है। बाजारों, बस टर्मिनल और रेलवे स्टेशनों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
परेड का पूरा रूट
गणतंत्र दिवस परेड का मार्ग विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, इंडिया गेट गोलचक्कर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए लाल किला तक जाएगा।
यातायात पर कहां-कहां रहेगा प्रतिबंध
- 26 जनवरी सुबह 9:15 बजे से सी-हेक्सागन-इंडिया गेट क्षेत्र परेड के तिलक मार्ग पार करने तक बंद रहेगा।
- 26 जनवरी सुबह 10:30 बजे से तिलक मार्ग, बी.एस.जेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- हालांकि, 26 जनवरी को सभी मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए 12 हेल्प डेस्क
गणतंत्र दिवस समारोह में आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए परेड क्षेत्र के आसपास 12 हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। यहां पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एनसीसी के जवान तैनात रहेंगे, जो रूट, सीट, पार्किंग और अन्य जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
पहली बार कार कॉलिंग सिस्टम
इस बार पहली बार कार कॉलिंग सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत पार्किंग से वाहनों को व्यवस्थित तरीके से बुलाया जाएगा। यह सिस्टम गंगा, घाघरा, पेनार और गंडक एंक्लोजर के लिए लागू किया गया है। कर्तव्य भवन, वाणिज्य भवन, उद्योग भवन और निर्माण भवन की पार्किंग में यह व्यवस्था की गई है।
निर्माण श्रमिक और पीएम स्वनिधि लाभार्थी विशेष अतिथि
गणतंत्र दिवस परेड में इस बार निर्माण श्रमिकों और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह कदम सरकार की ‘जन भागीदारी’ और समावेशी विकास की सोच को दर्शाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।