देश

पहले फोन उठाया नहीं, फिर किया स्विच ऑफ; राज्यसभा चुनाव के दौरान गायब रहे 3 कांग्रेसी विधायक; पार्टी को ही लपेटा

Rajya Sabha Election: बिहार कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे पार्टी के तीन विधायकों से स्पष्टीकरण मांगा है। बिहार कांग्रेस ने कहा कि 16 मार्च को मतदान के दौरान 3 विधायकों के अनुपस्थित रहने की वजह से महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा।

Image

राज्यसभा चुनाव के दौरान 3 कांग्रेस विधायक रहे अनुपस्थित

Rajya Sabha Election: बिहार कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे पार्टी के तीन विधायकों से स्पष्टीकरण मांगा है।बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने बुधवार को कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद और मनोज विश्वास को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब देने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव के मतदान के दौरान ये विधायक अनुपस्थित रहे, जिसकी वजह से महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। यादव के अनुसार मतदान के दौरान इन विधायकों से मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई और बाद में उनके फोन 'स्विच ऑफ' पाए गए। अनुशासन समिति के अध्यक्ष ने तीनों विधायकों को निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में दो दिन में स्पष्टीकरण दें।

मनोज विश्वास ने कांग्रेस पर फोड़ा ठीकरा

इस बीच, कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने वोट न देने के फैसले पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह कदम पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उठाया है।आईएएनएस से बातचीत में मनोज विश्वास ने बताया, "हमने पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर चुनाव से अलग रहने का फैसला लिया। राजद ने उम्मीदवार तय करने से पहले हमारे नेतृत्व से कोई बातचीत नहीं की। जो उम्मीदवार दिया गया, वह हमारी विचारधारा के अनुरूप नहीं था।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं।

वहीं, वोट न देने वाले अन्य विधायकों का भी कहना है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के निर्देश के कहने पर ही यह निर्णय लिया। इस मुद्दे ने कांग्रेस के भीतर जातीय राजनीति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ नेताओं का कहना है कि पार्टी के अंदर अगड़ी-पिछड़ी की राजनीति हावी हो गई है, जिसका असर अब सामने दिख रहा है। मनोज विश्वास ने आगे कहा, "जब हम बिहार में वोट मांगने जाते हैं तो हमारा वोट बैंक कौन है? अल्पसंख्यक और ओबीसी वर्ग। लेकिन जिस उम्मीदवार को उतारा गया, उस पर हमारी पार्टी के साथ कोई तालमेल नहीं था।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article