LIVE

आज की ताजा खबर, 9 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दीपावली के अगले दिन धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, उत्तराखंड का स्थापना दिवस आज...रुपया शुरुआती कारोबार में मजबूत

आज की ताजा खबर लाइव, 9 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [दीपावली दिल्ली Pollution], [उत्तराखंड स्थापना दिवस], [रुपया मजबूत] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 24 पैसे चढ़कर 93.74 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी पूंजी के बेहतर प्रवाह और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में तीन साल के एक बच्चे के यौन उत्पीड़न के आरोप में 11 वर्षीय एक लड़के को हिरासत में लिया गया है। वहीं, संसद के दोनों सदनों- लोकसभा और राज्यसभा में मानसून सत्र का अवसान 88 दिन बाद भी नहीं किया गया है जिसने 2008 के 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। लोकसभा और राज्यसभा में मानसूत्र सत्र की कार्यवाही गत 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी। सोमवार सुबह तक न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा का औपचारिक रूप से सत्रावसान किया गया। इससे मौजूदा सत्र के तहत संसद की विस्तारित बैठक बुलाने की संभावना बनी हुई है। पढ़ें- अन्य खबरों के अपडेट

nitin aroraUpdated Nov 9, 2026, 10:37 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 9 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दीपावली के अगले दिन धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, उत्तराखंड का स्थापना दिवस आज...रुपया शुरुआती कारोबार में मजबूत

आज की ताजा खबर, 9 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दीपावली के अगले दिन धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, उत्तराखंड का स्थापना दिवस आज...रुपया शुरुआती कारोबार में मजबूत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [दीपावली दिल्ली Pollution], [उत्तराखंड स्थापना दिवस], [रुपया मजबूत] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: मध्यप्रदेश के कटनी जिले में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में स्थित क्रॉकरी की दुकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास हुई। आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों में करारी हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी आव्रजन नीति ’’बहुत सख्त’’ थी और वह आने वाले वर्षों में डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पार्टी ने उन कई सीटों पर भी जीत दर्ज की, जिन पर पहले रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा था, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप को बड़ा चुनावी झटका लगा। चुनाव नतीजों से पता चला कि आव्रजन के मुद्दे, अर्थव्यवस्था, ईरान युद्ध और बढ़ती महंगाई से निपटने के ट्रंप के तरीके से मतदाता नाखुश हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत एवं वीरता की गौरवशाली परंपरा की सराहना की। पढ़ें- अन्य खबरों के अपडेट

NOV 09, 2026 10:35 IST

चुनावी हार के बाद ट्रंप ने माना, आव्रजन नीति में बरती गई ज्यादा सख्ती

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों में करारी हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी आव्रजन नीति ’’बहुत सख्त’’ थी और वह आने वाले वर्षों में डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।

तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पार्टी ने उन कई सीटों पर भी जीत दर्ज की, जिन पर पहले रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा था, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप को बड़ा चुनावी झटका लगा।
चुनाव नतीजों से पता चला कि आव्रजन के मुद्दे, अर्थव्यवस्था, ईरान युद्ध और बढ़ती महंगाई से निपटने के ट्रंप के तरीके से मतदाता नाखुश हैं।

ट्रंप ने अपने प्रशासन की निर्वासन नीति के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में ’सीबीएस’ के कार्यक्रम ’60 मिनट्स’ में कहा, ’’मुझे लगता है कि यह बहुत सख्त थी। मुझे लगता है कि शायद यह जरूरत से ज्यादा सख्त थी।’’’

यह साक्षात्कार शुक्रवार को रिकॉर्ड किया गया था और रविवार शाम को प्रसारित हुआ।
साक्षात्कार रिकॉर्ड होने के कुछ ही समय बाद ट्रंप ने आव्रजन के खिलाफ अपने कड़े विचारों के लिए पहचाने जाने वाले स्टीफन मिलर को अपना चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया। इससे इस बात पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या राष्ट्रपति वास्तव में अपनी नीतियों में कोई बड़ा बदलाव करेंगे।

ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित होने वालों में भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मचारी भी शामिल रहे हैं।
NOV 09, 2026 10:34 IST

मप्र के कटनी में तीन मंजिला इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में स्थित क्रॉकरी की दुकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास हुई। आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में दुकान संचालक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, पोतियों आर्या (14) और अन्वी (6) तथा दो महीने के एक शिशु की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिशु ने अपनी मां पूनम की गोद में ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई।
NOV 09, 2026 10:34 IST

संसद के मानसून सत्र का रिकॉर्ड 88 दिन बाद भी नहीं हुआ सत्रावसान

संसद के दोनों सदनों- लोकसभा और राज्यसभा में मानसून सत्र का अवसान 88 दिन बाद भी नहीं किया गया है जिसने 2008 के 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। लोकसभा और राज्यसभा में मानसूत्र सत्र की कार्यवाही गत 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी।

सोमवार सुबह तक न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा का औपचारिक रूप से सत्रावसान किया गया। इससे मौजूदा सत्र के तहत संसद की विस्तारित बैठक बुलाने की संभावना बनी हुई है।

मानसून सत्र का औपचारिक रूप से समापन (सत्रावसान) नहीं करने के सरकार के फैसले से इस अटकल को बल मिला है कि महिला आरक्षण विधेयक लागू करने से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन पर विचार के लिए संसद की बैठक कम समय के नोटिस पर बुलाई जा सकती है।

इस संशोधन के तहत परिसीमन के जरिये लोकसभा की मौजूदा 543 सीट की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है।

संसद के मौजूदा सत्र के भीतर ही कोई विस्तारित या विशेष बैठक बुलाने के लिए कम से कम दो दिन का नोटिस देना जरूरी होता है जबकि एक नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन पहले सूचना देनी होती है।

सत्रावसान नहीं होने को इस संदर्भ में भी देखा जा रहा है कि गत 17 अप्रैल को बजट सत्र की एक विशेष बैठक के दौरान इसी तरह का एक संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी संख्या बल नहीं जुटा पाया था।

संविधान में ऐसी कोई समय-सीमा तय नहीं है कि सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किए जाने के बाद कब तक ’सत्रावसान’ करना होगा।

किसी सदन का लंबे समय तक सत्रावसान नहीं किया जाना अपने आप में किसी संवैधानिक या प्रक्रियागत अनियमितता का मामला नहीं है।

रिकॉर्ड के अनुसार, 2008 में 87 दिनों तक, 1987 में 76 दिनों तक, 1989 में 54 दिनों तक, 2006 और 2013 में 49-49 दिनों तक, और 1963 में 41 दिनों तक संसद का सत्रावसान नहीं किया गया था।

वर्ष 2008 में तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा की बैठक 21 और 22 जुलाई को हुई थी। इसके बाद सदन का सत्रावसान नहीं किया गया और 17 अक्टूबर को सदन की फिर से कार्यवाही हुई। 24 अक्टूबर को सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई और अगली बैठक 10 दिसंबर को शुरू हुई।
NOV 09, 2026 10:33 IST

बलिया में तीन साल के बच्चे के यौन उत्पीड़न के मामले में 11 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया गया

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में तीन साल के एक बच्चे के यौन उत्पीड़न के आरोप में 11 वर्षीय एक लड़के को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि यह घटना रविवार शाम नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई, जहां आरोपी लड़का कथित तौर पर बहला-फुसलाकर बच्चे को पास के एक बगीचे में ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने बताया कि जब यह घटना हुई, उस समय पीड़ित के परिवार के सदस्य दिवाली की तैयारियों में व्यस्त थे।

राजा ने बताया कि बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर 11 वर्षीय लड़के के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
NOV 09, 2026 10:32 IST

रुपया शुरुआती कारोबार में 24 पैसे चढ़कर 93.74 प्रति डॉलर पर

रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 24 पैसे चढ़कर 93.74 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी पूंजी के बेहतर प्रवाह और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया करीब 93.85 प्रति डॉलर पर खुला। फिर बढ़त हासिल करते हुए 93.74 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले कारोबारी सत्र के बंद भाव से 24 पैसे अधिक है।

रुपया शुक्रवार को 43 पैसे उछलकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.98 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.18 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.15 प्रतिशत फिसलकर 98.17 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 13,749.82 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 93.95 अंक फिसलकर 80,919.19 अंक पर, जबकि निफ्टी 30 अंक टूटकर 24,968.80 अंक पर आ गया।
NOV 09, 2026 10:32 IST

बंगाल: दुष्कर्म और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी दिलीप रॉय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रविवार देर रात रायगंज के एक गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी की।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिसमें रॉय घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पीड़िता का शव शुक्रवार को कुलिक नदी के पास एक जंगल से बरामद होने के बाद से पुलिस पिछले चार दिन से रॉय की तलाश कर रही थी।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली कथित तौर पर पुलिस वाहन के टायर में लगी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रॉय बिहार सीमा के रास्ते राज्य से फरार होने की कोशिश कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, 12 वर्षीय लड़की तीन नवंबर को दोपहर में साइकिल से घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। उसका शव दो दिन बाद बरामद किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई।

इस बीच, राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा, ’’अगर कोई कानून के खिलाफ काम करता है, कानून को अपने हाथ में लेता है या उसका उल्लंघन करता है, तो उसे पुलिस का सामना करना पड़ेगा। कुछ परिस्थितियों में पुलिस को ऐसी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति न आने दें। सभी को कानून का पालन करना चाहिए।’’
रायगंज की घटना पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पुलिस मुठभेड़ का चौथा मामला है।

जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी।
NOV 09, 2026 10:31 IST

राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों की सराहना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा राष्ट्रीय सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उत्तराखंड का गठन नौ नवंबर, 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग करके किया गया था।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के निवासी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाते रहेंगे।

मुर्मू ने कहा, ’’उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य के लिए उत्तराखंड की एक विशिष्ट पहचान है। यहां के लोगों ने हमेशा राष्ट्र सेवा, वीरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’’
NOV 09, 2026 10:31 IST

दीपावली के अगले दिन धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली

दीपावली के एक दिन बाद सोमवार सुबह दिल्ली पर घनी धूसर धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता कम हो गई और शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 370 पर पहुंच गया, जो ’गंभीर’ श्रेणी के करीब है।

दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) और बुराड़ी क्रॉसिंग के निगरानी केंद्रों पर सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई। यहां एक्यूआई 437-437 रहा। चार अन्य निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ’खराब’ श्रेणी में रही, जबकि बाकी केंद्रों पर यह ’बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, पंजाबी बाग, ओखला और रोहिणी समेत कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी रही।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सोमवार दिन में दिल्ली की वायु गुणवत्ता और बिगड़कर गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। अगले कुछ दिनों तक इसके इसी श्रेणी में बने रहने की आशंका है।

प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों, वाहनों से निकलने वाले धुएं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं से प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, प्रति सेकंड 6,000 वर्ग मीटर से कम ’वेंटिलेशन इंडेक्स’ (प्रदूषकों को फैलाने की वायुमंडल की क्षमता का सूचकांक) और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषकों को प्रभावी ढंग से फैलने से रोकने वाली प्रतिकूल परिस्थितियां हैं।

दीपावली की रात प्रतिबंधों के बावजूद राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए गए। इस दौरान 20 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। सोनिया विहार में सबसे अधिक 463 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी में यह 450 रहा।
रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 376 दर्ज किया गया। दीपावली की रात 10 बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 20 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में, छह पर खराब श्रेणी में और शेष 33 पर बेहद खराब श्रेणी में रही।

रविवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच पटाखे जलाने का सिलसिला तेज हो गया। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी जमकर आतिशबाजी हुई। शाम ढलने के साथ जश्न बढ़ा तो सड़कों और रिहायशी इलाकों में धुएं की परत जमा होने लगी।

कई इलाकों के निवासियों ने पटाखों के जलने की तेज गंध, दृश्यता कम होने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। रातभर आतिशबाजी जारी रहने से लोगों को इन समस्याओं का सामना करना पड़ा।
NOV 09, 2026 10:30 IST

ईरान युद्ध का फैसला भले ही लोगों को पसंद न आया, लेकिन परमाणु खतरा रोकने के लिए यह जरूरी था: रुबियो

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु खतरे से दुनिया को बचाने के लिए उसके खिलाफ युद्ध शुरू किया था, भले ही यह फैसला ’’लोगों को पसंद न आया हो।’’

रुबियो ने मंगलवार को हुए चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। ईरान युद्ध को लेकर लोगों में असंतोष और पेट्रोल की कीमतों एवं अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों पर इसके असर के कारण डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद के दोनों सदन पर नियंत्रण हासिल करने में मदद मिली।

रुबियो से उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस की पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर की गई उस पोस्ट के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए मुख्य रूप से ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर रुबियो ने पत्रकारों से कहा कि ट्रंप ने ईरान के रूप में ’’एक वास्तविक खतरे’’ को पहचाना और उसे परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए कदम उठाए।

रुबियो ने पेरिस में जी7 (सात प्रमुख औद्योगिक देशों के समूह) के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले फ्लोरिडा में कहा, ’’उन्होंने इस खतरे से निपटने के लिए कदम उठाए। देश की सुरक्षा के लिए कठिन चुनौतियों का सामना करना जरूरी होता है। ऐसे फैसले भले ही लोगों को पसंद न आएं, लेकिन ये देशहित में आवश्यक होते हैं।’’

रुबियो ने आठ महीने से अधिक समय से जारी ईरान युद्ध का पुरजोर बचाव किया, जबकि मतदाताओं ने ऊर्जा की बढ़ती कीमतों सहित अपने घरेलू खर्च पर पड़े असर के लिए ट्रंप की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।

रुबियो की टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब उनके और वेंस के 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इन टिप्पणियों से ईरान युद्ध को लेकर दोनों नेताओं के रुख में मतभेद भी सामने आए हैं।

ट्रंप ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि वेंस की बात सही थी, लेकिन उपराष्ट्रपति को यह भी स्पष्ट करना चाहिए था कि युद्ध शुरू करने का फैसला उचित था।

ट्रंप ने कहा, ’’मैं आपको बता सकता हूं कि इतिहास में यह हमारे सबसे अच्छे फैसलों में से एक के रूप में दर्ज होगा, क्योंकि अगर ईरान के पास कभी परमाणु हथियार आ गया, तो वह पूरी दुनिया को तबाह कर देगा।’’

ईरान लंबे समय से कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।
संघर्ष समाप्त करने के लिए ट्रंप प्रशासन की कोई स्पष्ट रणनीति सामने नहीं आई है। पश्चिम एशिया में बड़े पैमाने पर फिर से लड़ाई शुरू होने की आशंका के बीच मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच बातचीत बहाल कराने की कोशिश कर रहे हैं।

रुबियो ने कहा, ’’मैं यह नहीं कहूंगा कि हम किसी बड़ी सफलता के करीब हैं।’’

उन्होंने दोहराया कि ट्रंप कूटनीतिक समाधान चाहते हैं, लेकिन ’’बातचीत बहुत उपयोगी साबित नहीं हुई है, क्योंकि ईरान की मांगें न केवल अस्वीकार्य हैं, बल्कि कुछ मामलों में बेहद अनुचित, बेतुकी और अव्यावहारिक भी हैं।’’

समाचार एजेंसी ’एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) ने खबर दी है कि ईरान, अमेरिका के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर मतभेद दूर करने के उद्देश्य से प्रमुख मध्यस्थ कतर के प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा था।

रुबियो ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका अपनी रक्षा के लिए कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा, ’’अगर क्षेत्र में जहाजों या हमारे सुरक्षा बलों के लिए कोई स्पष्ट और तात्कालिक खतरा पैदा होता है, तो हमें अपनी रक्षा करने का अधिकार है।’’
NOV 09, 2026 10:29 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के लोगों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड आज हर क्षेत्र में विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।

उत्तर प्रदेश से अलग होकर नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड देश का 27वां राज्य बना था।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ’’हमारी यह देवभूमि आध्यात्मिक चेतना और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है।’’

उन्होंने कहा कि मनोरम पर्वतीय परिदृश्यों, पवित्र नदियों और पावन चारधाम के साथ-साथ यह प्रदेश अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है।
मोदी ने कहा, ’’राज्य के परिश्रमी, प्रतिभाशाली और प्रगतिशील लोगों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड आज हर क्षेत्र में विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रकृति एवं संस्कृति प्रेमियों का यह प्रदेश प्रगति के पथ पर निरंतर तेज गति से आगे बढ़ता रहेगा।

उन्होंने कहा, ’’यह विशेष अवसर राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए।’’
NOV 09, 2026 10:28 IST

योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत एवं वीरता की गौरवशाली परंपरा की सराहना की।

आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’अनुपम प्राकृतिक छटा, समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और वीरता की गौरवशाली परंपरा से देश की सांस्कृतिक चेतना को निरंतर आलोकित करने वाले उत्तराखंड के स्थापना दिवस की समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई।’’

उन्होंने कहा, ’’प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में यह राज्य प्रगति के नित नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।’’

आदित्यनाथ ने कहा, ’’बाबा श्री केदारनाथ जी से प्रार्थना है कि ’देवभूमि’ समृद्धि और सुशासन के पथ पर सदैव अग्रसर रहे।’’

उत्तराखंड का गठन नौ नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग करके किया गया था। राज्य हर साल नौ नवंबर को अपना स्थापना दिवस मनाता है।