Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 10 मई को होने वाले मतदान से पहले लोकतंत्र की एक बहुत ही खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। यहां के बेलगावी जिले में रहने वाले 103 साल के महादेव महालिंगा माली ने चुनाव से पहले घर से मतदान कर लोकतंत्र की परंपरा निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग ने इसके लिए उन्हें बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, महादेव महालिंगा माली ने लोकतंत्र को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता से कई लोगों को प्रेरित किया है। यह कर्नाटक की संस्कृति के अनुरूप भी है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को बहुत महत्व देती है। वहीं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार ने महादेव को फोन कर उनका आभार व्यक्त किया।
