हेल्थ

रोज सुबह नारियल पानी या नींबू-शहद पीना सही या गलत? डॉक्टर एसके सरीन ने दूर किया कन्फ्यूजन

डॉ. एस. के. सरीन ने बताया कि अगर आप सुबह उठकर गुनगुना या गर्म पानी सिर्फ इसलिए पीते हैं ताकि आपका पेट साफ हो सके और आप टॉयलेट जा सकें, तो यह तरीका बिल्कुल गलत है। उनके

Image

डॉ. एस के सरीन से जानें सुबह खाली पेट नींबू-शहद या नारियल पानी पीना सही या गलत

बहुत से लोगों में सुबह उठते ही गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर पीना या फिर खाली पेट नारियल पानी पीने की आदत होती है। ऐसे लोगों का मानना है कि इससे शरीर डिटॉक्स होता है और लिवर स्वस्थ रहता है। वैसे क्या यह आदत वास्तव में हमारे शरीर और लिवर के लिए सही है? 'Times Network India Health Summit & Awards 2026' में देश के जाने-माने गैस्ट्रोएन्टेरोलॉजिस्ट डॉ. एस. के. सरीन ने इस प्रचलित धारणा और बॉडी डिटॉक्स के मिथक का भ्रम दूर किया है।

पेट साफ करने के लिए गर्म पानी पीना कितना सही?

डॉ. एस. के. सरीन ने बताया कि अगर आप सुबह उठकर गुनगुना या गर्म पानी सिर्फ इसलिए पीते हैं ताकि आपका पेट साफ हो सके और आप टॉयलेट जा सकें, तो यह तरीका बिल्कुल गलत है। उनके अनुसार, बाउल मूवमेंट (पेट साफ होना) मस्तिष्क और आंतों के बीच के सीधे संबंध पर निर्भर करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही तरीका यह है कि आप पहले फ्रेश हों और उसके बाद पानी पीएं। पेट साफ करने की प्रेरणा पानी से नहीं, शरीर के अपने नेचुरल रिफ्लेक्स से आनी चाहिए।

बचपन से ही गलत बाउल ट्रेनिंग से बचें

डॉ. सरीन ने इस बात पर जोर दिया कि सही बाउल ट्रेनिंग बचपन से ही शुरू हो जानी चाहिए। अक्सर माता-पिता बच्चों को खाना या दूध देने के बाद टॉयलेट भेजते हैं, जो पूरी तरह से गलत आदत है। यही आदत बड़े होकर लोगों में जीवनभर पेट साफ न होने की स्थायी समस्या का कारण बनती है। वयस्कों के लिए भी नियम वही है- भोजन करने के तुरंत बाद टॉयलेट जाने के बजाय अपने नेचुरल सिस्टम को सही रखें।

नींबू: खाली पेट या खाने के साथ?

नींबू और शहद दोनों ही स्वास्थ्य के लिए अच्छे माने जाते हैं, लेकिन इन्हें लेने का तरीका बेहद मायने रखता है। डॉ. सरीन के अनुसार अगर आप अपने भोजन के साथ नींबू का सेवन करते हैं, तो यह आपके शरीर में आयरन के अवशोषण को 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ा देता है। जबकि खाली पेट इसका यह फायदा उतना नहीं मिल पाता।

शहद को लेकर डॉ. सरीन कहते हैं कि शहद में एंटीबॉडीज होते हैं, जो आंतों की सेहत के लिए बेहतरीन हैं। हालांकि, शहद में फ्रुक्टोज भी होता है। अगर आप शहद का सेवन कर रहे हैं, तो आपको शारीरिक गतिविधि के जरिए उस कैलोरी और फ्रुक्टोज को बर्न करना भी जरूरी है, वर्ना यह वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है।

क्या रोज नारियल पानी पीना सही है?

आजकल हर सुबह खाली पेट नारियल पानी पीने का चलन भी खूब बढ़ा है। इस पर डॉ. सरीन ने स्पष्ट किया कि नारियल पानी पोटैशियम और न्यूट्रिएंट्स से भरपूर होता है और इसके कई फायदे हैं, लेकिन यह कोई डेली रूटीन का नैचुरल रिप्लेसमेंट नहीं है। हमारे शरीर के लिए सबसे प्राकृतिक पेय शुद्ध पानी है। इसलिए, रोज नारियल पानी पीने की आवश्यकता नहीं है; सामान्य संतुलित भोजन ही शरीर की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी है।

यहां देखें डॉ. एस के सरीन से बातचीत का पूरा वीडियो:

Dr. S.K.Sarin
डॉ एसके सरीनauthor

प्रो. (डॉ.) एस.के. सरीन प्रख्यात गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, हेपेटोलॉजिस्ट, एवं क्लिनिशियन साइंटिस्ट हैं। वह नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) के निदेशक हैं। लिवर संबंधी बीमारियों, हेपेटाइटिस, सिरोसिस और लिवर कैंसर के उपचार एवं शोध में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 350 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रों के लेखक डॉ. सरीन ने चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार संबंधी दिशानिर्देशों के विकास में अहम भूमिका निभाई है। चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
End of Article