देश

Jammu Kashmir: कहां से आया संदिग्ध ड्रोन? इंटरनेशनल बॉर्डर के पास मिला लावारिस, जांच में जुटे अधिकारी

International Border: जम्मू में शनिवार शाम इंटरनेशनल बॉर्डर के पास धान के एक खेत में लावारिस ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

Image

इंटरनेशनल बॉर्डर के पास मिला लावारिस ड्रोन (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

International Border: जम्मू में शनिवार शाम इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) के पास धान के एक खेत में लावारिस ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस संदिग्ध ड्रोन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और आनन-फानन में पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

हालांकि, ड्रोन कहां से आया? इसको लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि ड्रोन पाकिस्तान से आया या इसे कोई स्थानीय व्यक्ति ऑपरेट कर रहा था।

कहां दिखा ड्रोन?

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:40 बजे मख्याल गांव के निवासी विजय कुमार के खेत में यह ड्रोन दिखाई दिया। ड्रोन पर नजर पड़ने के बाद विजय कुमार ने इसकी सूचना कानाचक पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया।

बकौल अधिकारी, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन कहां से आया था? उसने किस रास्ते से उड़ान भरी और किन परिस्थितियों में उसे खेत में छोड़ दिया गया। मामले की जांच जारी है।

पुंछ में संदिग्ध IED बरामद

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को एक ठिकाने से संदिग्ध विस्फोटक उपकरण 'आईईडी' और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। अधिकारियों ने बताया कि 'टेरिटोरियल आर्मी' से मिली सूचना के बाद सेना की राष्ट्रीय राइफल्स द्वारा कसबलारी और आसपास के इलाकों में शुरू किए गए तलाशी अभियान के दौरान ये बरामदगी हुई।

दो ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार

इसके अतिरिक्त, सुरक्षाबलों ने गुरुवार को बारामूला जिले में आतंकवादियों के दो ओवरग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि ओवरग्राउंड वर्करों के पास से दो आईईडी, एक पिस्तौल, पिस्तौल के 10 कारतूस और 6,500 रुपये नकदी भी बरामद हुई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article