कैंसर के मरीजों की संख्या पिछले 20 साल में तेजी से बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। जिसके पीछे कई तरह के कारण सामने आते हैं। कुछ लोग खानपान में मिलावट को इसका कारण मानते हैं तो कुछ लोग सिगरेट और शराब जैसे नशे को इसका जिम्मेदार मानते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कैंसर का सबसे बड़ा कारण खानपान और नशा इसके अलावा भी कुछ हो सकता है। जी हाँ ये बात सुनकर आपको भी झटका लग सकता है। लेकिन सच्चाई को टाला नहीं जा सकता है। कैंसर के बढ़ते खतरे के बारे में चर्चा करते हुए देश के एक जाने माने सर्जन डॉ. शैलेश पुणतांबेकर, लेप्रोस्कोपिक ऑनकोसर्जन ने एक पॉडकास्ट में खुलकर बात की। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
क्या है कैंसर का सबसे बड़ा कारण?
कैंसर रोग विशेषज्ञ और सर्जन डॉ. शैलेश पुणतांबेकर ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आज कैंसर का सबसे बड़ा कारण स्ट्रेस सामने आ रहा है। काम और परिवार का तनाव और पैसा कमाने की होड़ ने आज बेहतर आर आरामदायक लाइफस्टाइल के बावजूद भी कैंसर के खतरे को काफी बढ़ा दिया है। एक्सपर्ट्स की मानें तो आज जितना लाइफ आसान होती जा रही है उतना ही गंभीर रोगों की समस्या भी बढ़ती जा रही है।
क्या है कैंसर और स्ट्रेस के बीच संबंध?
हेल्थ रिपोर्ट्स की मानें तो तनाव हमारे शरीर में कई तरह के हार्मोन का बदलाव कर देता है। जिससे हमारा कैंसर का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है। इसके साथ ही तनाव के कारण लोग ओवरईटिंग, स्मोकिंग और अल्कोहल जैसे चीजों की गिरफ्त में आते हैं, जो हमारे लिए कैंसर के खतरे को काफी बढ़ा सकते हैं। केनेडियन कैंसर सोसायटी ने कैंसर के कारणों के लिए किए गए अध्ययन के आधार पर तनाव को कैंसर की एक प्रमुख वजह माना है।
तनाव कम करने के उपाय
योग को तनाव से मुक्ति का सबसे आसान तरीका माना गया है। इसके लिए आपको योग और ध्यान का सहारा लेना चाहिए। हालांकि कोई कहे कि मात्र 15 मिनट योग करने से आपको तनाव से मुक्ति मिल जाएगी, तो ऐसा संभव नहीं है। इसके लिए आपको अपने जीवन के पॉजिटिव पक्ष को ज्यादा देखना होगा। योग और हेल्दी लाइफस्टाइल दोनों चीजें मिलकर आपको तनाव से दूर कर सकती हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
