Brain Malaria Symptoms and Prevention tips: 25 अप्रैल के दिन दुनिया भर में विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है। मलेरिया रोग के खात्मे और इसके लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाने वाला ये दिन बेहद खास है। मलेरिया एक परजीवी संक्रमण है, जो मच्छरों के काटने से फैलता है। प्लाज्मोडियम परजीवी के द्वारा मलेरिया का संक्रमण फैलता है। ये परजीवी मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से एक-दूसरे में फैलता है। हालांकि आजकल मलेरिया का इलाज काफी आसान हो गया है, लेकिन मलेरिया होने पर आपको कई दिन तक परेशान रहना पड़ सकता है। इसके साथ ही आज हम आपको ब्रेन मलेरिया के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। जो आपके बच्चों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है। आइए जानते हैं क्या है ब्रेन मलेरिया इसके लक्षण और बचाव के उपाय।
क्या होता है ब्रेन मलेरिया? - What is Brain Malaria in Hindi
ब्रेन मलेरिया को सेरेब्रल मलेरिया के नाम से भी जाना जाता है। ये मलेरिया का एक गंभीर रूप है जो हमारे दिमाग पर बुरा असर डालता है। जब मलेरिया का परजीवी हमारी रक्त वाहिकाओं में भर जाते हैं तो ऐसी कंडीशन में ब्रेन मलेरिया की स्थिति पैदा हो जाती है। क्योंकि ये परजीवी हमारे मस्तिष्क की छोटी रक्त वाहिकाओं को जाम कर देते हैं। जिससे हमारे दिमाग में सूजन आ जाती है और दौरे पड़ने की समस्या हो सकती हैं। इसके गंभीर मामलों में रोगी कोमा में जा सकता है और मृत्यु भी हो सकती है। हालांकि ब्रेन मलेरिया का असर ज्यादातर छोटे बच्चों पर देखने को मिलता है, क्योंकि उनकी इम्यूनिटी काफी कमजोर होती है।
ब्रेन मलेरिया के लक्षण - Symptoms of Brain Malaria in Hindi
बच्चों में आमतौर पर दिखने वाला ब्रेन मलेरिया अपनी गंभीर स्थिति में जाकर जानलेवा तक हो सकता है। आइए जानते हैं ब्रेन मलेरिया के कुछ खास लक्षण...
- ब्रेन मलेरिया का सबसे आम लक्षण तेज बुखार होना है।
- ब्रेन मलेरिया होने पर आपको तेज सिर में दर्द हो सकता है।
- ब्रेन मलेरिया होने के कुछ मामलों में दौरे पड़ने की समस्या हो सकती है।
- ब्रेन मलेरिया होने पर आपके दिमाग में सूजन की समस्या हो सकती है।
ब्रेन मलेरिया से बचने के उपाय - How to Prevent from Brain Malaria in Hindi
ब्रेन मलेरिया से बचने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि खुद को मच्छरों से बचाकर रखें। इसके लिए आप सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। घर में और आसपास पानी जमा न होने दें। वहीं किसी भी तरह का लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
