दिवाली के दौरान पटाखों से जलने और अन्य चोटों के मामले सामने आए हैं। पूर्वी दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में पटाखों से घायल हुए 172 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 25 बच्चे और 56 महिलाएं शामिल थीं। अस्पताल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज को पटाखों से लगी चोट के कारण भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी और न ही किसी की मौत हुई।
34 लोगों की आंखों में लगी चोट
अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रविवार सुबह से सोमवार सुबह तक पटाखों से जलने और दिवाली से संबंधित अन्य चोटों के 172 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 34 लोगों की आंखों में चोट लगी थी। सभी का नेत्र विभाग में उपचार किया गया और चिकित्सा देखभाल के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
वहीं, अन्य मरीजों को मुख्य रूप से पटाखों के कारण त्वचा जलने की शिकायत थी। अस्पताल ने स्पष्ट किया कि पटाखों से जलने के किसी भी मामले में मरीज को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।
इमरजेंसी में पहुंचे 847 मरीज, 38 को करना पड़ा भर्ती
GTB अस्पताल के दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग में रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक कुल 847 मरीज पहुंचे। इनमें से 119 मामलों को मेडिको-लीगल केस (MLC) के रूप में दर्ज किया गया। अस्पताल के मुताबिक, इमरजेंसी में पहुंचे कुल मरीजों में से 38 को भर्ती करना पड़ा। हालांकि, ये सभी मामले केवल पटाखों से लगी चोटों से संबंधित नहीं थे।
दिवाली पर अस्पताल में किए गए थे विशेष इंतजाम
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखों से जलने और आग की घटनाओं से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके तहत बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों और नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीमों को 24 घंटे सतर्क रखा गया था।
