Delhi Pollution: दिल्ली में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी की हवा में घुले जहरीले धुएं को लेकर डॉक्टरों ने चिंता जताई है। एम्स और अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि प्रदूषण का असर अब सिर्फ सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों पर ही नहीं, बल्कि स्वस्थ लोगों और युवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। एम्स के डॉक्टर ने यहां तक कहा कि उन्हें हैरानी है कि लोग इस हवा में अभी तक जिंदा कैसे हैं।
'हर सांस के साथ शरीर में जा रहा जहरीला धुआं'
एम्स में पल्मोनरी मेडिसिन एंड स्लीप डिसऑर्डर्स विभाग के प्रोफेसर डॉ. विजय हड्डा ने दिल्ली की खराब होती हवा पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राजधानी में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि यहां रहने वाले लोगों के लिए सामान्य जीवन जीना मुश्किल होता जा रहा है।
डॉ. हड्डा के मुताबिक, इंसान हर मिनट करीब 20 बार सांस लेता है और हर सांस के साथ लगभग आधा लीटर हवा शरीर के अंदर जाती है। ऐसे में जब हवा में जहरीले कण और धुआं मौजूद हों, तो लगातार प्रदूषित हवा में सांस लेना स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन जाता है। उन्होंने कहा, 'मुझे सच में हैरानी है कि हम अभी तक जिंदा हैं। मुझे नहीं लगता कि इस तरह की हवा इंसानों के जीवित रहने के लिए उपयुक्त है।'
स्वस्थ लोगों को भी हो रही गले में जलन और सांस लेने में परेशानी
डॉक्टर ने बताया कि दिल्ली की जहरीली हवा का असर अब उन लोगों पर भी दिखने लगा है, जिन्हें पहले सांस से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी। उनके मुताबिक, कई स्वस्थ सहकर्मियों ने भी गले में लगातार जलन और कुछ अटका हुआ महसूस होने की शिकायत की है।
डॉ. हड्डा ने बताया कि अस्पताल में पहले जिन मरीजों को देखा गया था, उनमें से कुछ दोबारा लक्षणों के साथ लौट रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदूषण का असर लगातार बना हुआ है और लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।
ग्रीन पटाखों पर भी उठाए सवाल
डॉ. विजय हड्डा ने ग्रीन पटाखों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ग्रीन पटाखों से उत्सर्जन में करीब 30 फीसदी की कमी आती है, लेकिन गैसों और पार्टिकुलेट मैटर का लगभग 70 फीसदी उत्सर्जन पारंपरिक पटाखों के बराबर ही रहता है। उनका कहना है कि ऐसे में ग्रीन पटाखों को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त मानना सही नहीं होगा। पटाखों से निकलने वाला धुआं पहले से खराब हवा की स्थिति को और गंभीर बना सकता है।
हर साल लौटता है प्रदूषण का संकट, नीतियों पर भी उठाए सवाल
एम्स के डॉक्टर ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन कुछ समय बाद लोग इसे भूल जाते हैं। उन्होंने नीतियों के क्रियान्वयन को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि कई बार यह स्पष्ट नहीं होता कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों को किस तरह लागू किया जाना चाहिए।
इस बीच, पूर्व एम्स निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने भी चेतावनी दी है कि प्रदूषण के कारण अस्पतालों में सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रदूषण के बाद सांस संबंधी ओपीडी और इमरजेंसी मामलों में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है।
