Why Weakness Not Going Away Even After Eating Healthy: बहुत से लोगों के साथ अक्सर हम देखते हैं कि वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर होते हैं। वे आए दिन बीमार पड़ते रहते हैं। ऐसा नहीं है कि उनका खानपान खराब है या बहुत कम खाते हैं, बल्कि कई लोगों के साथ यह देखने को मिलता है कि वे खाते-पीते तो बहुत कुछ हैं, लेकिन उनके शरीर में कुछ भी लगता नहीं है। उनके शरीर पोषण व खून की कमी लगातार बनी रहती है। वे लगातार हेल्दी डाइट लेते हैं और डॉक्टर के बताए तरह-तरह के सप्लीमेंट्स का भी सेवन करते हैं, लेकिन फिर भी उनकी कमजोरी दूर नहीं होती है।
ऐसे में वे इस बात को लेकर काफी परेशान रहते हैं कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों होता है। वह अक्सर यह सवाल भी पूछते हैं कि उनके शरीर में कुछ भी क्यों नहीं लगता है? हेल्थ इन्फ्लूएंसर और आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. वरालक्ष्मी यनामंद्र ने सोशल मीडिया पर इसकी बड़ी वजह शेयर की है। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
अच्छी डाइट लेने पर भी शरीर में कमजोरी और पोषण की कमी क्यों हो जाती है?
डॉ. वरालक्ष्मी के अनुसार, अच्छा खानपान होने के बाद भी अगर किसी व्यक्ति के शरीर में कुछ नहीं लगता है, तो ऐसा होने का एक बड़ा कारण आंतों से पोषक तत्वों का रिसाव होना है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें भोजन पचने के बाद आंतों द्वारा उससे पोषण का अवशोषण ठीक से नहीं हो पाता है। ऐसा खराब गट हेल्थ या आंत स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से होता है। खराब गट हेल्थ कई तरह से शरीर में पोषण की कमी और कमजोरी का कारण बन सकती जैसे,
आयरन
आंत का खराब स्वास्थ्य सूजन का कारण बन सकता है, जो आंतों की परत को प्रभावित करता है। इससे आयरन के अवशोषण कम हो जाता है।
विटामिन बी12
इस विटामिन के अवशोषण के लिए स्वस्थ गट लाइनिंग और स्वस्थ छोटी आंत की आवश्यकता होती है। जब आपकी गट हेल्थ खराब होती है, तो यह ठीक से अवशोषित नहीं हो पाता है।
मैग्नीशियम
यह छोटी आंत में अवशोषित होता है। आंत में सूजन या संरचनात्मक क्षति के परिणामस्वरूप मैग्नीशियम की कमी हो सकती है।
कैल्शियम
इसके अवशोषण के लिए एक स्वस्थ गट लाइनिंग और उचित पीएच स्तर की आवश्यकता होती है। आंत में सूजन या पेट के एसिड में असंतुलन इस प्रक्रिया में बाधा डाल सकता है।
ऐसे में शरीर की कमजोरी और पोषण की कमी दूर करने के लिए क्या करें?
डॉ. वरालक्ष्मी सुझाव देती हैं कि अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से अच्छा खाने के बाद भी पोषण की कमी से जूझ रहा है, तो ऐसे में उन्हें सबसे पहले अपने पेट को ठीक करने पर ध्यान देने की जरूरत है। यह पोषण संबंधी कमियों को ठीक करने का पहला कदम है। इसके लिए आप किसी हेल्थ एक्सपर्ट की मदद ले सकते हैं।
