Delhi News: राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज साउथ थाना अंतर्गत नागलदेवता रेड लाइट के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सुबह के समय एक तेज रफ्तार कार तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी और पलट गई। इस हादसे में कार चला रहे 20 वर्षीय छात्र यशवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके साथ एक महिला घायल हो गई। प्राथमिक जांच और चश्मदीदों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह सड़क की फिसलन और स्थानीय स्तर पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की घोर लापरवाही बताई जा रही है।
US में पढ़ते थे दोनों दोस्त, दोस्त के घर से लौट रहे थे
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक यशवेंद्र एक भारतीय सेना अधिकारी के बेटा था। वह और उनकी दोस्त अमेरिका (USA) के एक ही संस्थान से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। गुरुवार रात वे अपने एक दोस्त के घर रुके थे और शुक्रवार सुबह करीब वे वसंत कुंज स्थित युवती के घर लौट रहे थे। कार युवती के परिवार की ही थी, जिसे यशवेंद्र चला रहा था। नागलदेवता रेड लाइट के पास तीखा मोड़ लेते समय सड़क पर फिसलन होने के कारण यशवेंद्र कार पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नाले में जा गिरी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, भिवंडी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
DDA की लापरवाही पर बिफरे स्थानीय लोग, पहले भी हो चुके हैं हादसे
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी और चश्मदीद प्रदीप सहरावत ने बताया कि नाले के आसपास उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम न होने की वजह से यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डीडीए की लापरवाही के कारण इस इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद नाले को सुरक्षित नहीं किया गया।
