वेट लॉस के लिए वॉक बेहतर या रनिंग
Walking VS Running For Fast Weight Loss: अगर आपका भी वजन बढ़ गया है और आप सोच रहे हैं कि जल्दी रिजल्ट पाने के लिए वॉक करें या रनिंग, तो ये बात जानना जरूरी है कि दोनों ही तरीके शरीर में फैट कम करने का काम करते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि आपका फिटनेस लेवल, आपकी एनर्जी और करने का तरीका रिजल्ट तय करता है। कई बार लोग बिना जानकारी के रनिंग शुरू कर देते हैं और फिर थकान या चोट की वजह से छोड़ देते हैं। इसलिए समझते हैं कि तेजी से वजन कम करने के लिए वॉक सही है या रनिंग।
रिसर्च और फिटनेस एक्सपर्ट्स बताते हैं कि रनिंग में वॉक की तुलना में कैलोरी ज्यादा बर्न होती है। यही वजह है कि अगर आप वेट लॉस के लिए जल्द रिजल्ट चाहते हैं और आपकी बॉडी इसे संभाल सकती है, तो रनिंग एक तेज तरीका है। दौड़ने से हार्टबीट तेज होती है, एंड्यूरेंस बढ़ता है और फैट जल्दी घटता है। लेकिन यह तभी फायदेमंद है जब आप सही तरीके से और धीरे-धीरे इंटेंसिटी बढ़ाकर करें।
जो लोग ओवरवेट हैं या जिनकी बॉडी अभी दौड़ने के लिए तैयार नहीं है, उनके लिए वॉकिंग बेहतर ऑप्शन होती है। वॉकिंग शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं डालती, घुटनों और टखनों पर कम लोड पड़ता है और इसे बिना थके ज्यादा देर तक किया जा सकता है। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स अक्सर ओवरवेट लोगों को पहले कुछ हफ्ते तेज चाल से वॉक करने की सलाह देते हैं।
अगर आप रनिंग नहीं कर सकते, तब भी वजन तेज़ी से कम किया जा सकता है। इसके लिए पावर वॉक यानी तेज़ चाल से लगातार 30-45 मिनट चलना सबसे अच्छा तरीका है। यह आपकी हार्ट रेट को बढ़ाता है, फैट बर्न तेजी से करता है और बिना थकान के लंबे समय तक किया जा सकता है। यह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो रनिंग की कोशिश नहीं करना चाहते लेकिन जल्दी वजन कम करना चाहते हैं।
रनिंग के फायदे तभी मिलते हैं जब आप इसे सही तरीके से करें। बिना वार्म-अप दौड़ना आपके मसल्स और जॉइंट्स को नुकसान पहुंचा सकता है। गलत जूते पहनकर दौड़ने से पैरों, एंकल और घुटनों में दर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए एक्सपर्ट्स हमेशा सलाह देते हैं कि रनिंग शुरू करने से पहले 5-10 मिनट हल्की वॉक, स्ट्रेचिंग और वार्म-अप जरूर करें।
सिर्फ वॉकिंग या रनिंग से वजन कम नहीं होता, बल्कि आपकी डाइट, नींद और पानी की मात्रा भी बहुत मायने रखती है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि अगर आप रनिंग करते हैं लेकिन कैलोरी ज्यादा खा रहे हैं, तो वजन कम नहीं होगा। वहीं वॉकिंग के साथ भी अगर आप बैलेंस्ड डाइट लें, तो 3-4 हफ्तों में अच्छे रिजल्ट देखने लगते हैं।
कई फिटनेस ट्रेनर्स बताते हैं कि वॉक और रनिंग का कॉम्बिनेशन सबसे तेज़ रिजल्ट देता है। जैसे 5 मिनट वॉक, 3 मिनट रन, फिर दोबारा वॉक... यह इंटरवल तरीका शरीर को तैयार भी करता है और फैट बर्न भी ज्यादा करता है। खासकर शुरुआती लोगों के लिए यह तरीका सबसे सुरक्षित और असरदार माना जाता है।
अगर आपकी बॉडी रनिंग संभाल सकती है, तो यह वजन कम करने का तेज तरीका है। लेकिन अगर आप आसानी से और बिना चोट के वजन कम करना चाहते हैं, तो तेज चाल से वॉकिंग भी बहुत प्रभावी है। सही तरीका अपनाकर, डाइट सुधारकर और नियमित वर्कआउट करके ही जल्दी और हेल्दी रिजल्ट मिलते हैं।