FDA ने दी वेट लॉस पिल को हरी झंडी
US FDA Approves First Oral Weight Loss Drug: वजन घटाने के लिए अब रोज इंजेक्शन या मुश्किल डाइट की जरूरत नहीं पड़ेगी। बता दें अमेरिका की FDA (Food and Drug Administration) ने पहली बार ऐसी ओरल वेट लॉस पिल को मंजूरी दी है जो दिल और स्ट्रोक के खतरे को भी कम कर सकती है। इस दवा का नाम है राइबेलस (Rybelsus), जिसे नोवो नोर्डिस्क ने बनाया है। पहले यह दवा टाइप 2 डायबिटीज के मरीजों के लिए दी जाती थी, लेकिन अब इसे ओवरवेट या मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए भी मंजूरी दे दी गई है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये दवा शरीर के वजन को घटाने के साथ-साथ हृदय की सेहत को भी बेहतर बनाती है।
राइबेलस दरअसल सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) नामक कंपाउंड से बनी दवा है, जो शरीर में GLP-1 हार्मोन की तरह काम करती है। पहले इसे सिर्फ डायबिटीज मरीजों को ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए दिया जाता था। अब इसे ओवरवेट या मोटापे से परेशान उन लोगों के लिए भी मंजूरी मिली है जिनका BMI 27 से ज्यादा है और जो दिल से जुड़ी बीमारियों या ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
राइबेलस शरीर में भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन GLP-1 को एक्टिवेट करती है। इससे व्यक्ति को कम भूख लगती है, खाने की मात्रा घटती है और पेट ज्यादा देर तक भरा महसूस होता है। यह दवा पेट खाली होने की गति को धीमा करती है, जिससे कैलोरी बर्न ज्यादा और फूड इनटेक कम होता है। नतीजतन, वजन धीरे-धीरे घटने लगता है।
FDA की रिपोर्ट के मुताबिक, राइबेलस लेने वाले मरीजों में दिल के दौरे और स्ट्रोक का खतरा लगभग 20% तक घट गया। इसका कारण है कि यह दवा ब्लड शुगर और बॉडी फैट को कंट्रोल में रखती है, जिससे धमनियों में फैट जमा नहीं होता। इस वजह से हार्ट अटैक और ब्लड क्लॉटिंग का रिस्क कम होता है। यही वजह है कि इस दवा को सिर्फ वजन घटाने के लिए नहीं, बल्कि हार्ट प्रोटेक्शन मेडिसिन के रूप में भी देखा जा रहा है।
FDA के अनुसार, राइबेलस उन वयस्कों के लिए है जिनका BMI 27 या उससे अधिक है और जिनमें दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा या इतिहास मौजूद है। फिलहाल यह दवा अमेरिका में डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन पर ही मिलेगी। इसे हर दिन एक बार खाली पेट पानी के साथ लेना होता है। दवा के साथ हेल्दी डाइट और नियमित एक्सरसाइज करने से इसका असर और ज्यादा बेहतर देखा गया है।
भले ही राइबेलस को FDA ने सुरक्षित माना है, लेकिन हर दवा की तरह इसके कुछ साइड इफेक्ट्स भी हैं। शुरुआती दिनों में कुछ लोगों को मितली, पेट दर्द या उल्टी जैसी हल्की दिक्कतें हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह दवा डॉक्टर की सलाह से ही शुरू करनी चाहिए और खुद से लेना खतरनाक हो सकता है। साथ ही, यह गर्भवती महिलाओं और टाइप 1 डायबिटीज मरीजों के लिए नहीं है।
राइबेलस का FDA अप्रूवल मेडिकल वर्ल्ड के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। यह पहली ऐसी ओरल पिल है जो वजन घटाने के साथ दिल की सेहत को भी बेहतर बनाती है। हालांकि, इसे किसी जादुई उपाय की तरह नहीं, बल्कि मेडिकल गाइडेंस में एक सहायक टूल के रूप में अपनाना चाहिए। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम के साथ यह दवा मोटापे और दिल की बीमारियों के खिलाफ नई उम्मीद बन सकती है।