हेल्थ

शहनाज गिल के बढ़ते वजन की वजह बनी थी ये बीमारी, जानें Hypothyroidism क्या है और इसे कैसे रखें कंट्रोल में

शहनाज गिल ने Hypothyroidism की वजह से बढ़ते वजन का सामना किया था। यह बीमारी महिलाओं में आम है। जानिए इसके लक्षण क्या हैं और रोजमर्रा की छोटी आदतों से इसे कैसे बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है।

Image

Shehnaaz Gill Weight Gain Reason Hypothyroidism

शहनाज गिल आज अपनी फिटनेस और ट्रांसफॉर्मेशन के लिए खूब तारीफ बटोरती हैं। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उनका वजन काफी बढ़ गया था। कई इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उन्हें Hypothyroidism की समस्या थी, जिसकी वजह से वजन तेजी से बढ़ने लगा। अक्सर लोग बढ़ते वजन को सिर्फ ज्यादा खाने या कम एक्सरसाइज से जोड़ देते हैं, जबकि कई बार इसके पीछे कोई स्वास्थ्य समस्या भी हो सकती है।

Hypothyroidism ऐसी ही एक बीमारी है, जो खासकर महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलती है। इसमें शरीर की ऊर्जा खर्च करने की रफ्तार धीमी हो जाती है, जिससे वजन बढ़ना, जल्दी थकना और कई दूसरी परेशानियां शुरू हो सकती हैं। अच्छी बात यह है कि सही इलाज, नियमित दवा और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इसे काफी हद तक कंट्रोल में रखा जा सकता है।

क्या होता है Hypothyroidism?

हमारी गर्दन में तितली के आकार की एक छोटी-सी थायरॉयड ग्लैंड होती है। जो शरीर के लिए जरूरी हार्मोन बनाती है, लेकिन जब यह ग्रंथि जरूरत से कम हार्मोन बनाने लगती है, तो इस स्थिति को Hypothyroidism कहा जाता है। इससे शरीर की कई सामान्य प्रक्रियाएं धीमी पड़ जाती हैं।

महिलाओं में क्यों ज्यादा होती है यह समस्या?

यह बीमारी पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है। बढ़ती उम्र, हार्मोन में बदलाव, गर्भावस्था के बाद होने वाले बदलाव या परिवार में पहले से थायरॉयड की समस्या होने पर इसका खतरा बढ़ सकता है। इसलिए महिलाओं को समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए।

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

Hypothyroidism होने पर वजन बढ़ना, हर समय थकान महसूस होना, ठंड ज्यादा लगना, बाल झड़ना, त्वचा का रूखा होना, कब्ज, चेहरे पर सूजन और ध्यान लगाने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अगर ये समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

कैसे रखें इसे कंट्रोल में?

इस बीमारी को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा नियमित समय पर लें। संतुलित भोजन करें, रोज हल्की एक्सरसाइज या वॉक करें, पर्याप्त नींद लें और समय-समय पर थायरॉयड की जांच कराते रहें। बिना सलाह के दवा बंद करना ठीक नहीं माना जाता।

क्या वजन कम हो सकता है?

अगर Hypothyroidism सही तरीके से कंट्रोल में रहे, तो वजन कम करना आसान हो सकता है। हालांकि इसके लिए सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि हेल्दी डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधि और धैर्य भी जरूरी होता है। अचानक वजन घटाने वाले तरीकों की बजाय धीरे-धीरे अपनाई गई अच्छी आदतें ज्यादा असर दिखाती हैं।

सिर्फ मोटापा देखकर फैसला न करें

हर बढ़ता वजन सिर्फ गलत खानपान की वजह से नहीं होता। कई बार इसके पीछे Hypothyroidism जैसी स्वास्थ्य समस्या भी हो सकती है। इसलिए अगर बिना किसी स्पष्ट वजह के वजन लगातार बढ़ रहा है या ऊपर बताए गए लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो समय रहते जांच कराना समझदारी है। सही इलाज और अच्छी दिनचर्या के साथ इस बीमारी के बावजूद सामान्य और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article